समाचार · उत्तर प्रदेश
UP के शाहजहांपुर में भूमि विकास बैंक अध्यक्ष की असमय मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

UP News: (पवन तोमर) शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जैतीपुर स्थित भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष अश्वनी प्रताप सिंह उर्फ पीयूष (32) का सोमवार शाम असमय निधन हो गया. मरेना गांव निवासी अश्वनी की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए बरेली ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. देर शाम पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया.
घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में नहीं बची जान
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम अश्वनी प्रताप सिंह घर पर ही मौजूद थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई. परिजनों ने बिना देर किए उन्हें बरेली के अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया. महज 32 वर्ष की उम्र में उनके अचानक चले जाने से मरेना गांव सहित आसपास के इलाकों के लोग स्तब्ध हैं.
पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए पीछे
अश्वनी प्रताप सिंह अपने पीछे पत्नी प्रीति सिंह, पांच वर्षीय बेटी आध्या और तीन साल के बेटे शिवाय को छोड़ गए हैं. पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया. परिवार के इकलौते बेटे अश्वनी दो बहनों के भाई थे. उनके निधन से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, पिता राजकुमार सिंह और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में रही परिवार की पहचान
अश्वनी के पिता राजकुमार सिंह जैतीपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं. उनकी मां किरन सिंह भी गांव की पूर्व प्रधान थीं. परिवार की क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक पहचान रही है. अश्वनी खुद जैतीपुर स्थित भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनके निधन की खबर से स्थानीय लोगों और परिचितों में गहरा दुख है.
दो साल पहले मां को भी खो चुके थे अश्वनी
अश्वनी के परिवार पर दुखों का यह पहला पहाड़ नहीं है. करीब दो वर्ष पहले उनकी मां किरन सिंह का कैंसर की गंभीर बीमारी के चलते निधन हो गया था. परिवार अभी इस दुख से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब घर के इकलौते बेटे की अचानक मौत ने सभी को तोड़कर रख दिया. एक के बाद एक हुए इन हादसों से परिवार गहरे सदमे में है.
Must Read: Varanasi One Day Trip: सिर्फ 24 घंटे में घूम लें काशी, अस्सी घाट से गंगा आरती समेत कई मशहूर जगहें, ये रहा पूरा टूर प्लान