Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कुरुक्षेत्र NH-152 पर ड्रावइर को बचाने में पुलिसकर्मी घायल:ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, अंदर फंसा था चालक, आधे घंटा चला रेस्क्यू ऑपरेशन

INT News26 September 2026 at 01:57 pm

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में शनिवार अलसुबह अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर भेरियां के बीच हुए सड़क हादसे में कार में फंसे चालक को बचाने की कोशिश में पुलिस का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तो कार चालक शिवम कपूर निवासी गुमथला गढू अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। पुलिस जवान बलकार सिंह ने बिना समय गंवाए उसे बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया। कार का अगला हिस्सा काटकर ड्राइवर को बाहर निकाला गया। बचाव के दौरान बलकार सिंह खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। बावजूद पुलिस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा और काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर शिवम कपूर को बाहर निकाला। रात करीब 2 बजे हुआ हादसा कुरुक्षेत्र डायल-112 के इंचार्ज निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 2 बजे NH-152 पर भेरियां गांव के पास हादसा हुआ। कैथल की तरफ से इस्माईलाबाद की ओर जा रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे कार घुस गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइवर शिवम कपूर कार के अंदर ही फंस गया। हादसे के समय इलाके में गश्त कर रही डायल-112 की ERV-717 टीम को सूचना मिली तो पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले कार में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश की। आधे घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शिवम को बाहर निकाल लिया गया। पुलिसकर्मी बलकार हुए घायल इस ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मी बलकार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चोट लगने के बावजूद टीम ने रेस्क्यू बंद नहीं किया। सूचना पाकर डीएसपी रोहित कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया। पंजाब में चल रहा इलाज यहां डॉक्टरों ने बलकार सिंह की हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी नाजुक हालत देखकर पंजाब के जिला मोहाली के डेरा बस्सी में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में दाखिल कराया। फिलहाल बलकार सिंह का इलाज चल रहा है। कार ड्राइवर शिवम कपूर की हालत भी ठीक है।