Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

‘देख रहे हो विनोद...’ पंचायत फेम अशोक पाठक ने रिजेक्शन, राजनीति और नये प्रोजेक्ट्स पर से खुलकर की बात, पढ़ें खास बातचीत

INT News26 November 2026 at 01:39 am

जमशेदपुर : ‘देख रहा है विनोद…’ एक संवाद, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. कभी मीम्स में, कभी आम बातचीत में और कभी लोगों के मजाकिया अंदाज में. इस संवाद के पीछे का चेहरा हैं अभिनेता अशोक पाठक. वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद का किरदार निभाकर उन्होंने साबित किया कि किसी कलाकार को लोकप्रिय होने के लिए पर्दे पर लंबा समय बिताना जरूरी नहीं. किरदार में सच्चाई हो तो कुछ मिनट भी दर्शकों के दिल में जगह बना सकते हैं.

बिहार की सिनेमाई छवि पर से खुलकर की बात

बिहार के सिवान से निकलकर फरीदाबाद में पले-बढ़े और मुंबई में अपनी पहचान बनाने वाले अशोक पाठक बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे. बिहार एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल होने आये अशोक पाठक कार्यालय पहुंचे और खास बातचीत में उन्होंने अपने संघर्ष, अभिनय के शुरुआती दिनों, ‘पंचायत’ की सफलता, बिहार की सिनेमाई छवि, परिवार और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर खुलकर बात की.

सवाल : अशोक जी, जमशेदपुर पहली बार आये हैं. करीब 24 घंटे शहर में बिताने के बाद आपके मन में इस शहर की कैसी तस्वीर बनी?

अशोक पाठक : मैं पहली बार जमशेदपुर आया हूं. जितना भी शहर घूमने और देखने का मौका मिला, काफी अच्छा लगा. यहां के लोग बहुत अच्छे हैं. सबसे खास बात यह लगी कि शहर काफी प्लांड और साफ-सुथरा है.

सवाल : सिवान से फरीदाबाद और फिर मुंबई तक का सफर. जब देश के किसी कोने में जाते हैं और लोग आपको ‘विनोद’ कहकर अपनापन देते हैं, तो कैसा महसूस होता है?

अशोक पाठक : सच पूछिए तो लोगों का प्यार और अपनापन देखकर लगता है कि मेरी मेहनत और संघर्ष सफल हो गये. अब ईश्वर की कृपा से देश के किसी भी कोने में जाता हूं तो लोग पहचानते हैं, सम्मान देते हैं. यही मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है. बस चाहता हूं कि लोगों का यह प्यार और इज्जत हमेशा बनी रहे.

सवाल : मुंबई में अभिनेता बनने का सपना आसान नहीं होता. क्या कभी ऐसा दौर आया जब लगा कि अब वापस लौट जाना चाहिए?

अशोक पाठक : भगवान का शुक्र है कि मुझे बहुत ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा. हालांकि हर क्षेत्र में उतार-चढ़ाव आते हैं. कई बार काम नहीं मिलता था और मन में सवाल उठता था कि आगे कैसे होगा. लेकिन, मुझे अपने टैलेंट पर भरोसा था. लगता था कि प्रतिभा है तो देर भले होगी, काम जरूर मिलेगा. इसी विश्वास के साथ लगा रहा. कभी गिव अप नहीं किया.

सवाल : अभिनय के शुरुआती दिनों में एक निर्देशक ने आपकी कद-काठी के कारण आपको लीड रोल देने से मना कर दिया था. आपने उस रिजेक्शन को अवसर में कैसे बदला?

अशोक पाठक : उन दिनों मैं खूब थिएटर करता था और आज से भी ज्यादा दुबला-पतला था. एक निर्देशक मुझे लीड कैरेक्टर में लेना चाहते थे, लेकिन मेरी कद-काठी देखकर उन्होंने मना कर दिया. मैंने हार नहीं मानी. उस किरदार को अपने स्तर पर तैयार किया और निर्देशक से कहा कि आप मुझे रोल मत दीजिए, लेकिन एक बार मेरा काम देख लीजिए. जब उन्होंने देखा तो कहा कि इससे बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता. आखिरकार उस किरदार की पूरी भूमिका मुझे मिल गयी. मेरा मानना है कि रिजेक्शन के बाद भी अपनी प्रतिभा साबित करने का प्रयास करना चाहिए.

सवाल : ‘पंचायत’ का विनोद कोई पारंपरिक हीरो नहीं है. न उसकी बड़ी महत्वाकांक्षाएं हैं, न जीवन में बहुत बड़ी अपेक्षाएं. आखिर आपने इस किरदार को इतना जीवंत कैसे बनाया? क्या आपके गांव या आसपास का कोई असली विनोद आपके भीतर मौजूद था?

अशोक पाठक : भारत गांवों का देश है. यहां हर गांव में विनोद जैसा कोई न कोई व्यक्ति जरूर मिलेगा. वह बहुत भोला होता है और उसकी इच्छाएं भी बड़ी नहीं होतीं. शौचालय में एक सीट लग जाने से भी वह खुश हो जाता है. मैंने अपने गांव में ऐसे लोगों को देखा है. उन्हीं लोगों को समझकर और उनके व्यवहार को देखकर मैं इस किरदार में डूब पाया.

सवाल : एक कलाकार की पहचान उसके नाम से होती है, लेकिन आज लोग आपको अशोक से ज्यादा विनोद के नाम से जानते हैं. क्या यह खुशी है या कभी लगता है कि एक किरदार आपकी दूसरी पहचान पर भारी पड़ रहा है?

अशोक पाठक : यह मेरे लिए खुशी की बात है. अगर लोग मेरे निभाये किरदार को इतना प्यार करते हैं कि मुझे उसी नाम से पुकारते हैं, तो इससे अच्छी बात क्या होगी. एक अभिनेता चाहता है कि उसका काम लोगों के दिलों तक पहुंचे. विनोद के साथ ऐसा हुआ, यह मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है.

सवाल : लेकिन लोकप्रियता के साथ एक खतरा भी है. इंडस्ट्री कलाकार को उसी तरह के किरदार के खांचे में बांध देती है. क्या आप भी विनोद की छवि से बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहे हैं?

अशोक पाठक : यह बात बिल्कुल सही है. बॉलीवुड में किसी कलाकार का एक किरदार हिट हो जाता है तो निर्देशक उसी तरह के रोल ऑफर करने लगते हैं. लेकिन मैं इस धारणा को तोड़ना चाहता हूं. इसके लिए मेहनत कर रहा हूं. आने वाले दिनों में दर्शक मुझे एक्शन वाली फिल्मों में भी देखेंगे. मैं अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहता हूं.

सवाल : ओटीटी ने छोटे किरदारों को भी बड़ी पहचान दी है. क्या इसने फिल्म इंडस्ट्री में स्टारडम और सफलता की परिभाषा बदल दी है?

अशोक पाठक : बिल्कुल. अब स्टारडम की परिभाषा बदल गयी है. गांव से निकला छोटा कलाकार, जिसे पहले कोई नहीं जानता था, वह भी आज बड़ा काम कर रहा है. ओटीटी ने सिर्फ कलाकारों को नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत से जुड़े तमाम लोगों को काम दिया है. इसने एंटरटेनमेंट की दुनिया बदल दी है. हमारे लिए तो यह रोजी-रोटी का भी सवाल है.

सवाल : फिल्मों में बिहार को अक्सर अपराध और गरीबी के नजरिये से दिखाया जाता है. एक बिहारी कलाकार के तौर पर क्या आपको लगता है कि सिनेमा ने बिहार के साथ न्याय नहीं किया?

अशोक पाठक : बिहार को जिस तरह से पेश किया जाता है, बिहार वास्तव में वैसा नहीं है. यह बुद्ध की धरती है, न्याय की धरती है. बिहार ने देश को कई बड़े ब्यूरोक्रेट्स दिये और देश के पहले राष्ट्रपति भी बिहार से थे. फिल्मों में बिहार का किरदार कई बार बदल दिया जाता है. लेकिन ‘पंचायत’ जैसी कहानियों में बिहार की पृष्ठभूमि है, अपराध नहीं. अब सिनेमा में बिहार की छवि बदलने का प्रयास हो रहा है. इसमें समय लगेगा. बिहार में बहुत कुछ अच्छा है, जिससे देश और दुनिया को सीखने की जरूरत है.

सवाल : आपकी लोकप्रियता के बाद परिवार की प्रतिक्रिया क्या रही? कोई ऐसा पल, जब लगा कि माता-पिता के लिए आपकी सफलता सबसे बड़ी खुशी बन गयी है?

अशोक पाठक : मेरे माता-पिता, दोस्त और रिश्तेदार सभी बहुत खुश हैं. कुछ दिन पहले मैं अपने पापा को मॉल में घड़ी खरीदने ले गया था. दुकान पर कई लोग मेरे साथ सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ लेने लगे. यह देखकर पापा ने मुझे गले से लगा लिया. उनकी आंखों में बेटे के लिए जो प्यार और खुशी देखी, वह मेरे लिए अनमोल है. मेरी उपलब्धि की वजह से यह कह सकता हूं कि उनकी आयु बढ़ गयी है.

ये भी पढ़ें : 26 नवंबर को एनएमएल का 77वां स्थापना दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

सवाल : पर्दे पर विनोद को छोटी-छोटी चीजों में खुशी मिलती है. असल जिंदगी में अशोक पाठक को सबसे ज्यादा खुशी किस काम से मिलती है?

अशोक पाठक : जब काम नहीं रहता तो मैं कुकिंग करता हूं. अच्छे डिश बनाता हूं और दोस्तों को बुलाकर खिलाता हूं. जब वे खाने की तारीफ करते हैं तो बहुत अच्छा लगता है. खाली समय में फिल्में देखना भी पसंद है.

सवाल : बिहार और झारखंड के छोटे शहरों में ऐसे हजारों युवा हैं, जो बिना किसी गॉडफादर के अभिनेता बनने का सपना लेकर मुंबई जाना चाहते हैं. उन्हें आप क्या सलाह देंगे?

अशोक पाठक : मेरी सबसे पहली सलाह है कि खूब पढ़ाई करें. चाहे अभिनेता बनना हो, डॉक्टर बनना हो, इंजीनियर बनना हो या किसी दूसरे क्षेत्र में जाना हो, उससे संबंधित अच्छी पढ़ाई और ट्रेनिंग जरूरी है. पढ़ाई और प्रशिक्षण ही आपको आगे बढ़ायेंगे. शॉर्टकट से कभी स्थायी सफलता नहीं मिल सकती. अपने काम को सीखिए, मेहनत कीजिए और धैर्य रखिए.

सवाल : 3 दिसंबर को ‘पंचायत’ का अगला सीजन रिलीज होने वाला है. इसके अलावा दर्शक आपको किन नये किरदारों में देखेंगे? और क्या कभी राजनीति में आने का विचार है?

अशोक पाठक : आने वाले समय में मेरी कुछ नई फिल्में और प्रोजेक्ट्स दर्शकों के सामने होंगे. इनमें एचआरएक्स की ओर से ‘स्ट्रॉम’ और ‘रानी ड्राई क्लीनर’ शामिल हैं. ‘रानी ड्राई क्लीनर’ फीचर फिल्म है, जबकि ‘स्ट्रॉम’ में मेरा किरदार बिल्कुल अलग होगा. दर्शक मुझे एक नये अंदाज में देखेंगे. इसके अलावा भी कई प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं. जहां तक राजनीति की बात है, तो ऐसी कोई योजना नहीं है. जनता ने जिसे जो जिम्मेदारी दी है, उसे वही काम करना चाहिए. मैं अभिनेता हूं और अभिनय में ही अपना करियर बनाना चाहता हूं. लोगों का प्यार मिलता रहे, मेरे लिए यही बहुत है.

ये भी पढ़ें : पांच साल बाद फिर गांवों में गूंजेगी मांदर-नगाड़े की थाप, दिसंबर में मनेगा ‘दोसोन’ पर्व, देखें कब-कहां होगा आयोजन