समाचार · झारखंड
झारखंड में एसआइआर पर रोक लगाने का प्रस्ताव, सरकार ने विधानसभा में पेश किया संकल्प

रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र की पहली पाली में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. राज्य सरकार ने मौजूदा एसआइआर प्रक्रिया पर रोक लगाने और नयी एसओपी तैयार कर दोबारा पुनरीक्षण कराने का राजकीय संकल्प सदन में पेश किया. सरकार ने आशंका जतायी कि झारखंड की सामाजिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं. वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एसआइआर को संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया बताते हुए संकल्प का विरोध किया.
38 प्रतिशत से अधिक मतदाता एसआइआर के दायरे में प्रभावित
राजकीय संकल्प में पेश आंकड़ों के अनुसार, एसआइआर से पहले झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता थे. प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ लोगों के नाम शामिल किये गये हैं. करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हैं, जबकि सूची में शामिल लगभग 27 प्रतिशत मतदाताओं को नोटिस जारी किये गये हैं. नोटिस में 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं. सरकार का दावा है कि कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम प्रारूप सूची से बाहर हैं या जिन्हें नोटिस मिला है.
प्रदीप यादव ने भाजपा पर लगाया नाम कटवाने की साजिश का आरोप
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने राजकीय संकल्प का समर्थन करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी ने सदन में निर्वाचन आयोग का पक्ष रखा है, जनता का नहीं. उन्होंने कहा कि किसी एक गलत मतदाता की पहचान के लिए पूरी जनता को परेशान करना उचित नहीं है. एसआइआर का उद्देश्य मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना होना चाहिए, न कि लोगों को इससे वंचित करना.
प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा एसआइआर के जरिये आदिवासियों, मुसलमानों और अपने विरोधियों के नाम मतदाता सूची से हटवाना चाहती है. उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 90 लाख मतदाताओं के नाम काटे गये. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 38 लाख लोगों ने ट्रिब्यूनल में दावा किया, जिनमें अब तक सुनवाई हुए 1.26 लाख मामलों में 83 हजार मतदाता वैध पाये गये हैं.
उन्होंने फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के प्रारूप में बदलाव तथा जीवित लोगों को मृत घोषित कर नाम हटाने का भी आरोप लगाया. कहा कि ऐसे 20 उदाहरण उनके पास हैं.
पुराने रिकॉर्ड की गलतियों का खामियाजा भुगत रहे लोग : ताजुद्दीन
झामुमो विधायक मो ताजुद्दीन ने कहा कि पुराने रिकॉर्ड की गलतियों की सजा आम लोगों को मिल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल से आकर झारखंड में बसे लोगों को घुसपैठिया और बांग्लाभाषियों को बांग्लादेशी बताया जा रहा है. उन्होंने राजमहल के उधवा में कई लोगों के दस्तावेज वैध नहीं मानने और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने का मामला भी उठाया.
स्पीकर ने मताधिकार की सुरक्षा को बताया जरूरी
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की आधारशिला है. मतदाता सूची की शुद्धता के साथ यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे. उन्होंने आदिवासी, मूलवासी, प्रवासी श्रमिक, महिलाएं, बुजुर्ग और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहनेवाले लोगों की व्यावहारिक कठिनाइयों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही.
इससे पहले सुबह 11.15 बजे स्पीकर के प्रारंभिक संबोधन के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई. उन्होंने सदस्यों से संसदीय मर्यादा के अनुरूप चर्चा करने की अपील की. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अनुरोध पर राज्यहित के दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए 25 और 26 नवंबर को विशेष बैठक बुलायी गयी है.