Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले में यूट्यूबर पत्रकार अभिषेक भारती गिरफ्तार

INT News25 November 2026 at 11:59 pm

रांची: सिमडेगा विधायक मामले में यूट्यूब चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती को बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार कर लिया गया. उन पर सिमडेगा की एक नाबालिग को अगवा कर डराने-धमकाने और विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत गवाही दिलाने का आरोप है.

दिलीप तिर्की भी मामले में हैं नामजद आरोपी

इस मामले में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती को नामजद आरोपी बनाया गया था. दोनों के खिलाफ पाकरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. नाबालिग के दादा ने यह प्राथमिकी दर्ज करायी है.

अभिषेक भारती की तलाश में सिमडेगा पुलिस पिछले 10 दिनों से जमशेदपुर में कैंप कर रही थी. पुलिस दिलीप तिर्की को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने के बाद बयान से पलटी थी नाबालिग

उल्लेखनीय है कि इससे पहले दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नाबालिग ने रांची के विधानसभा थाना में विधायक भूषण बाड़ा और दो महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. बाद में वह बीएनएस की धारा 183 के तहत अदालत में प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों से पलट गयी थी. इसके बाद राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के सामने भी नाबालिग अपने बयान से पलट गयी थी.