समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में 'म्यूल अकाउंट' का बड़ा खुलासा:खाते में एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा का ट्रांजैक्शन; देशभर से 34 शिकायतें दर्ज
ग्वालियर में साइबर ठगी के लिए बैंक खाते किराए पर देने (म्यूल अकाउंट) का मामला सामने आया है। शहर के सिटी सेंटर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा के एक खाते में एक ही दिन में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा जमा हुए और उसी दिन निकाल भी लिए गए। इस खाते के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर क्राइम पोर्टल (1930) पर 34 शिकायतें दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच के 'ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0' से मिले इनपुट के बाद विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने खाता धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। 34 ठगी के मामलों में इस्तेमाल हुआ खाता क्राइम ब्रांच 'ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0' के तहत संदिग्ध बैंक खातों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नेशनल बैंक की सिटी सेंटर शाखा के एक खाते की जानकारी सामने आई। क्राइम ब्रांच ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन पोर्टल (1930) पर इसकी जांच की तो पता चला कि देशभर में साइबर ठगी के 34 मामलों में इस खाते का इस्तेमाल हुआ है। एक ही दिन में जमा और निकाली गई रकम पुलिस ने बैंक से खाते की KYC और स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट के मुताबिक, एक ही तारीख को खाते में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा जमा किए गए और उसी दिन पूरी रकम निकाल ली गई। जांच में सामने आया कि खाता धारक के बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड की रकम के लेनदेन के लिए किया जा रहा था। कंपू निवासी युवक के खिलाफ FIR क्राइम ब्रांच के कार्यवाहक निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह कुशवाह की जांच रिपोर्ट और प्रतिवेदन के आधार पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, यह खाता विशाल कन्नोजिया (28), पिता बाबूलाल कन्नोजिया, निवासी नई सेकंड बटालियन आर्मी बजरिया, कंपू (ग्वालियर) के नाम पर है। प्रथम दृष्टया साइबर फ्रॉड में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने विशाल के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। निरीक्षक शैलजा सिंह करेंगी जांच मामले की विवेचना निरीक्षक शैलजा सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खाते के पीछे कौन-सा साइबर गिरोह काम कर रहा है।