sports
D Gukesh vs Javokhir Sindarov: दूसरे मुकाबले में भी बराबरी पर छूटा खेल, 20 चालों में ड्रॉ हुआ मैच

D Gukesh vs Javokhir Sindarov: विश्व चैंपियन डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव के बीच मुकाबले में फिलहाल कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. दोनों खिलाड़ियों के बीच खेले गए दूसरे गेम का नतीजा भी ड्रॉ रहा. गुकेश ने इस मुकाबले में लंदन सिस्टम ओपनिंग का इस्तेमाल किया, लेकिन सिंदारोव ने पहले से इसकी तैयारी कर रखी थी. दोनों खिलाड़ियों के बीच 20 चालों तक खेल चला, जिसके बाद लगातार तीन बार एक ही स्थिति बनने पर मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया. इसके साथ ही स्कोर 1-1 हो गया है और अब 12 गेम बाकी हैं.
गुकेश ने अपनाया लंदन सिस्टम, सिंदारोव ने दिखाई तैयारी
दूसरे गेम में गुकेश ने सफेद मोहरों के साथ लंदन सिस्टम ओपनिंग चुनी. वहीं, काले मोहरों से खेल रहे सिंदारोव ने शुरुआती चालें काफी तेजी से चलीं. इससे साफ नजर आया कि उन्हें इस ओपनिंग की पहले से अच्छी तैयारी थी.
मुकाबले की सातवीं चाल में सिंदारोव ने क्वीन को b6 पर ले जाकर एक दिलचस्प चाल चली. दूसरी ओर, गुकेश ने ओपनिंग के दौरान बोर्ड के केंद्र में मजबूत स्थिति बनाने की कोशिश की. 10वीं चाल में गुकेश ने a4 खेला, लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने a-फाइल पर अपने मोहरों को आगे बढ़ाने में खास दिलचस्पी नहीं दिखाई.
15वीं चाल के बाद गुकेश ने लिया लंबा समय
मुकाबले में 15वीं चाल पर सिंदारोव ने f5 खेला. इसके जवाब में गुकेश ने अपनी अगली चाल चलने से पहले करीब 30 मिनट का समय लिया. उन्होंने f3 की चाल चली, जिसका एक मकसद e4 खाने पर नियंत्रण बनाए रखना था. इससे सिंदारोव के घोड़े को f6 से e4 पर लाने की संभावना को रोकने में मदद मिली.
इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने लगातार तीन बार एक जैसी स्थिति दोहराई और ड्रॉ पर सहमति बना ली. इस तरह महज 20 चालों में दूसरा गेम समाप्त हो गया.
ये भी पढ़ें: D Gukesh Struggle Story: महज 7 की उम्र में शुरू किया था चेस खेलना, 18 में बने वर्ल्ड चैंपियन
पिछले विश्व चैंपियनशिप में भी खेला गया था लंदन सिस्टम
लंदन सिस्टम का इस्तेमाल पिछले विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में भी देखने को मिला था. चीन के ग्रैंडमास्टर डिंग लिरेन ने गुकेश के खिलाफ छठे और 10वें गेम में इस ओपनिंग को अपनाया था. दिलचस्प बात यह है कि वे दोनों मुकाबले भी ड्रॉ रहे थे.
दूसरे गेम में भी इसी ओपनिंग के साथ मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ. हालांकि, एक बार फिर गुकेश को समय के मामले में परेशानी का सामना करना पड़ा. पहले गेम में भी वह समय के दबाव में थे, लेकिन उन्होंने सिंदारोव के तेज खेल के बावजूद अच्छी रक्षा करते हुए ड्रॉ हासिल किया था.
पहले गेम में 38 चालों के बाद हुआ था ड्रॉ
इससे पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच पहला गेम भी बराबरी पर छूटा था. उस मुकाबले में काले मोहरों से खेल रहे गुकेश ने रुई लोपेज-बर्लिन डिफेंस ओपनिंग का इस्तेमाल किया था. सिंदारोव ने शुरुआती चालों में अच्छी तैयारी दिखाई और गुकेश के सामने लगातार मुश्किल सवाल रखे.
पहला गेम 38 चालों तक चला था. अंत में तीन बार एक जैसी स्थिति बनने के कारण दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ स्वीकार कर लिया था.
तीसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलेंगे सिंदारोव
दो गेम के बाद मुकाबले का स्कोर 1-1 है. अब तीसरा गेम गुरुवार को खेला जाएगा. इस बार सिंदारोव के पास सफेद मोहरे होंगे, जबकि गुकेश काले मोहरों से खेलेंगे. देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से कौन खिलाड़ी पहली जीत दर्ज कर मुकाबले में बढ़त हासिल करता है.
ये भी पढ़ें: 20 की उम्र में बने करोड़पति, गैराज में खड़ी है लाखों की मर्सिडीज, जानें डी. गुकेश की कितनी है कुल संपत्ति