Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में CNG पंप पर बम धमाके की मॉक ड्रिल:4 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा; बम स्क्वॉड ने एक बम डिफ्यूज किया

INT News25 November 2026 at 10:41 pm

ग्वालियर में बुधवार शाम जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां परखने के लिए मॉक ड्रिल की। हजीरा थाना क्षेत्र में ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित अवंतिका गैस परिसर के CNG पंप पर बम धमाके जैसी काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसमें चार लोगों के घायल होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वॉड और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया और परिसर में मिले एक अन्य बम को डिफ्यूज किया। आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में यह कवायद की गई। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय परखना था। अभ्यास के दौरान टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। बस्तियों में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट इस दौरान शर्मा फॉर्म क्षेत्र की बस्तियों में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट भी किया गया। अग्निशमन दल और अन्य बचाव एजेंसियों ने आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया। इसके जरिए यह परखा गया कि वास्तविक घटना के दौरान अलग-अलग विभाग कितनी तेजी से समन्वय बनाकर काम कर सकते हैं। एडीएम बोले- वास्तविक घटना जैसी परिस्थितियों में किया अभ्यास एडीएम सीबी प्रसाद ने बताया कि यह मॉक ड्रिल वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर की गई। इसका उद्देश्य यह देखना है कि भविष्य में उग्रवादी घटना, दुश्मन देश की गतिविधि या किसी अन्य प्रकार की आपात स्थिति बनने पर प्रशासन और संबंधित एजेंसियां किस तरह कार्रवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि अभ्यास में वैसी ही गतिविधियों और प्रक्रियाओं को शामिल किया जाता है, जैसी किसी वास्तविक घटना के दौरान अपनाई जाती हैं, ताकि सभी विभाग पहले से तैयार रहें।