Thursday, 26 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

घर लौट रहे युवक को अपराधियों ने बनाया निशाना, मोबाइल और पैसे छीने

INT News25 November 2026 at 10:37 pm

रांची. अरगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात अपराधियों ने एक युवक से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की. घटना अरगोड़ा और कडरू के बीच की है. पीड़ित की पहचान कडरू निवासी रोहित कुमार तिवारी के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार, रोहित मेन रोड स्थित एक दुकान में काम करता है. मंगलवार रात काम खत्म कर वह घर लौट रहा था. इसी दौरान अरगोड़ा-कडरू मार्ग पर अपराधियों ने उसे रोक लिया और मोबाइल व नकदी छीनने लगे. रोहित ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गये.

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. रोहित का कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है. उसने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे पुलिस के पास इंतजार करना पड़ा और शिकायत लेने में देरी की गयी.