Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सौर ऊर्जा से खेतों तक पहुंच रहा पानी, सिमडेगा में 60 सिंचाई इकाइयों से किसानों को मिली बड़ी राहत

INT News10 November 2026 at 07:35 am

सिमडेगाः जिले में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है. मानसून पर निर्भरता कम करने और किसानों को सालभर खेती तथा सब्जी उत्पादन से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है. जिले में अब तक 12 सोलर लिफ्ट सिंचाई इकाइयां और 48 ट्रॉली आधारित सोलर सिंचाई इकाइयां स्थापित की गई हैं.

60 सोलर सिंचाई इकाइयों से खेतों तक पहुंच रहा पानी

उपायुक्त कंचन सिंह के नेतृत्व में नीति आयोग के सहयोग और किसान समृद्धि योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है. सोलर लिफ्ट सिंचाई इकाइयों के जरिए जल स्रोतों से पानी उठाकर खेतों तक पहुंचाया जा रहा है. वहीं, ट्रॉली आधारित सोलर सिंचाई इकाइयों को जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर इस्तेमाल किया जा सकता है. इस व्यवस्था से किसानों को सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर रहने की मजबूरी कम हुई है. किसान अब खरीफ के अलावा रबी और अन्य मौसमों में भी खेती कर पा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: सियासी चक्र: 2013 में धनतेरस पर अंबा के पिता योगेंद्र ने खाली कराया था पूर्व CS का बंगला, अब बेटी के साथ हुआ कुछ वैसा ही

सब्जी उत्पादन से बढ़ रहे अतिरिक्त आमदनी के अवसर

सौर सिंचाई व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने में मिल रहा है. खेतों में नियमित सिंचाई की सुविधा मिलने से किसान विभिन्न मौसमों में सब्जियों का उत्पादन कर पा रहे हैं. इससे खेती का दायरा बढ़ने के साथ किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी के अवसर भी तैयार हो रहे हैं. सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई से सिंचाई की लागत कम करने और स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में भी मदद मिल रही है. इससे जिले में टिकाऊ और कम लागत वाली कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम आगे बढ़ रहा है.

नीति आयोग ने एक्स पर साझा की सिमडेगा की विकास गाथा

सिमडेगा में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था से कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलाव को नीति आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया है. आयोग ने सिमडेगा को आकांक्षी जिला बताते हुए सौर ऊर्जा से संचालित सिंचाई व्यवस्था की सराहना की है. नीति आयोग के अनुसार, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और घरेलू आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. आयोग ने जिला प्रशासन के इस प्रयास को ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल बताया.

ये भी पढ़ें: सिमडेगा में विधायक भूषण बाड़ा ने पत्नी जोसिमा खाखा के साथ मनायी दीपावली, लोगों को दी शुभकामनाएं

डीसी कंचन सिंह ने जताया आभार

नीति आयोग की ओर से पहल की सराहना किए जाने पर उपायुक्त कंचन सिंह ने आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मियों, विभिन्न विभागों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. सभी के समन्वय और समर्पण से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत सिमडेगा और आकांक्षी प्रखंडों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.