समाचार · पंजाब
अपनी ही लाइसेंसी पिस्तौल से मारी थी गोली; नहीं मिले कोई निशान
लुधियाना| साउथ सिटी इलाके में बीएमडब्ल्यू कार के अंदर मृत मिले 30 वर्षीय होजरी कारोबारी पुलकित पोपली की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नया खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार कारोबारी की मौत गोली लगने से हुई थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को मृतक के शरीर पर संघर्ष, खींचतान या किसी अन्य प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक गोली लाइसेंसी 45 बोर हथियार से चली थी। पुलकित पोपली किचलू नगर के पास ऋषि नगर में रहता था। वह शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। वह घुमार मंडी स्थित क्रॉकरी हाउस से जुड़ा हुआ था। कुछ दिन पहले पुलकित की लाश साउथ सिटी रोड पर खड़ी उसकी बीएमडब्ल्यू कार में मिली थी। शुरुआती जांच में ही पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।