Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

TMC के 20 बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा जवाब, पार्टी छोड़ने के फैसले को सही ठहराया

INT News24 November 2026 at 06:41 pm

एनसीपीआई संसदीय दल की अध्यक्ष काकोली घोष दस्तीदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सभी 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को अपना जवाब भेज दिया है. उन्होंने कहा, "हमने एनसीपीआई में शामिल होने के अपने फैसले का बचाव किया है. हमने सभी संसदीय और संवैधानिक मानदंडों का पालन किया है."

काकोली घोष दस्तीदार के मुताबिक, प्रत्येक सांसद ने अपना पक्ष रखने के लिए 17 से 18 पन्नों का जवाब दाखिल किया है.

अयोग्यता की मांग वाली याचिकाओं पर जारी हुए थे नोटिस

दरअसल, तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई से जुड़ने वाले इन 20 सांसदों के खिलाफ दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने की मांग की गई थी. इन याचिकाओं के आधार पर लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. मंगलवार को जवाब दाखिल करने की तय समय-सीमा का आखिरी दिन था.

बागी सांसदों का कहना है कि उनके इस कदम पर दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता के प्रावधान लागू नहीं होते. अब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इन जवाबों और याचिकाओं की जांच करने के बाद आगे का फैसला लेंगे.

कई बार मांगा था जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय

अगस्त के अंतिम सप्ताह से ही बागी सांसद जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांग रहे थे. उनका कहना था कि संबंधित दस्तावेज जुटाने और कानूनी सलाहकारों की मदद से विस्तृत जवाब तैयार करने में समय लग रहा है.

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट ने उनकी इस मांग पर सवाल उठाए थे. पार्टी का आरोप था कि बागी सांसद जानबूझकर कार्यवाही में देरी कर रहे हैं और समय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास अपने बचाव में कोई ठोस जवाब नहीं है.

अब सभी 20 सांसदों के जवाब दाखिल होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष के सामने अयोग्यता से जुड़ी याचिकाओं पर आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है.

ये भी पढ़ें: VIDEO: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा ‘पश्चिम बंग’ प्रस्ताव