Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

जापान में दवा ले गए तो जेल, जर्मनी में पेट्रोल खत्म हुआ तो जुर्माना; जानें 6 देशों के अनोखे ट्रैवल रूल्स

INT News24 November 2026 at 05:29 pm

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 6 देशों के ऐसे ही कुछ अनोखे नियम जानिए, जिन्हें पर्यटकों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

1. जमैका: सेना जैसे कपड़े पहनने पर रोक

उत्तरी अमेरिका के कैरेबियाई देश जमैका में पर्यटकों को सेना जैसी वर्दी या सैन्य रंग के कपड़े पहनकर सार्वजनिक जगहों पर निकलने की अनुमति नहीं है. यहां तक कि सैन्य रंग का बैग लेकर घूमने पर भी पुलिस रोक सकती है. इसलिए जमैका जाने वाले पर्यटकों को अपने कपड़ों और सामान के चयन में सावधानी बरतनी चाहिए.

2. ग्रीस: स्मारकों पर ऊंची एड़ी के जूते पहनना मना

ग्रीस में ऐतिहासिक स्मारकों की सुरक्षा के लिए पर्यटकों के पहनावे पर भी नियम लागू हैं. एथेंस के एक्रोपोलिस और एपिडोरस थिएटर जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर साल 2009 से ऊंची एड़ी के जूते पहनकर जाने पर रोक है. इसकी वजह जूतों से प्राचीन पत्थरों और स्मारकों को होने वाला नुकसान है. नियम तोड़ने पर करीब 92 हजार रुपए तक का जुर्माना लग सकता है.

3. जापान: प्रतिबंधित दवा रखने पर 10 साल तक जेल

जापान में कुछ ऐसी दवाएं प्रतिबंधित हैं, जिन्हें दूसरे देशों में डॉक्टर की सलाह पर इस्तेमाल किया जाता है. इनमें एडेरॉल भी शामिल है, जिसमें एम्फेटामिन होता है. डॉक्टर की पर्ची होने के बावजूद इसे जापान ले जाने की अनुमति नहीं है. इसे अवैध रूप से रखने पर 10 साल तक जेल की सजा हो सकती है.

वहीं, मॉर्फिन और फेंटानिल जैसी कुछ दवाएं ले जाने के लिए पहले से सरकारी मंजूरी लेनी पड़ती है. इसके लिए यात्रा से कम से कम 14 दिन पहले आवेदन करना होता है. आवेदन के साथ डॉक्टर का प्रमाणपत्र और दवा की तस्वीर भी देनी पड़ सकती है.

4. जर्मनी: एक्सप्रेसवे पर पेट्रोल खत्म होने पर जुर्माना

जर्मनी के एक्सप्रेसवे पर वाहन का पेट्रोल खत्म होना चालक की लापरवाही माना जाता है. यहां गाड़ियां औसतन 115 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं. ऐसे में बीच सड़क पर वाहन रुकने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है.

इसी वजह से एक्सप्रेसवे पर बिना किसी आपात स्थिति के वाहन रोकने की अनुमति नहीं है. दुर्घटना या अचानक तकनीकी खराबी जैसी स्थिति में ही रुकने की छूट मिलती है. अगर पेट्रोल खत्म होने के कारण गाड़ी बीच रास्ते में रुकती है, तो करीब 12 हजार रुपए तक का जुर्माना लग सकता है.

5. इटली: सेल्फी लेने के लिए ज्यादा देर रुके तो जुर्माना

इटली के खूबसूरत समुद्री गांव पोर्टोफिनो में पर्यटकों के लिए एक खास नियम बनाया गया है. यहां सेल्फी लेने या तस्वीरें खिंचवाने के लिए सड़क पर ज्यादा देर तक खड़े रहने पर जुर्माना लग सकता है.

साल 2023 में गांव के कुछ व्यस्त इलाकों को 'नो-वेटिंग जोन' घोषित किया गया था. इसकी वजह पर्यटकों की भीड़ और तस्वीरें खिंचवाने के दौरान लगने वाला जाम है. करीब 400 की आबादी वाले इस गांव में पर्यटकों की संख्या 10 हजार तक पहुंच जाती है. नियम तोड़ने पर करीब 28 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

6. अरूबा: समुद्र से सीपियां और मूंगा ले जाना प्रतिबंधित

कैरेबियाई सागर में स्थित अरूबा नीदरलैंड का एक स्वशासी देश है. यहां समुद्र तटों से सीपियां और रेत उठाकर ले जाना प्रतिबंधित है. ऐसा करने पर जुर्माना लग सकता है. एयरपोर्ट पर सामान की जांच के दौरान सीपियां मिलने पर पर्यटकों की उड़ान भी छूट सकती है.

दूसरी ओर, कोस्टा रिका में समुद्र से सीपियां निकालने पर जुर्माना लगाया जा सकता है. वहीं, तुर्क्स और कैकोस द्वीप समूह से तीन से अधिक शंख ले जाने के लिए अनुमति जरूरी है. हालांकि, यहां से मूंगा ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है.

ये भी पढ़ें: Bisleri ने 33 साल पहले जिस ब्रांड को बेचा अब Coca-Cola उसी से मचाएगा तहलका, मार्केट में सीधे अंबानी को टक्कर देने की तैयारी!