Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Jamshedpur Train News: छठ पर घर जाने का है प्लान तो पहले देख लें ये खबर, 12-13 नवंबर को आद्रा-हटिया रूट पर नहीं चलेंगी ट्रेनें

INT News10 November 2026 at 08:34 am

जमशेदपुर: छठ महापर्व के दौरान रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे विकास कार्यों को लेकर प्रस्तावित रोलिंग ब्लॉक के कारण रांची रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे प्रशासन द्वारा इस अवधि में कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और प्रस्थान समय में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है.

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18035-18036) 12 और 13 नवंबर को केवल आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से वापस खड़गपुर के लिए रवाना होगी. इन दोनों तिथियों में इस ट्रेन का परिचालन आद्रा से हटिया के बीच पूरी तरह रद्द रहेगा. वहीं, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस (18601) 12 नवंबर को अपने निर्धारित चांडिल-पुरुलिया-कोटशिला-मुरी मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होकर अपने गंतव्य तक जाएगी.

इसके अतिरिक्त हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18036) 10, 11, 14 और 15 नवंबर को हटिया स्टेशन से अपने निर्धारित समय की तुलना में एक घंटा 30 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पूर्व एनटीइएस या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके.