समाचार · मध्य प्रदेश
बाजार के जाम में फंसी 108 एंबुलेंस,प्रसूता आधे घंटे परेशान:अस्पताल से महज 200 मीटर दूर अटकी रही एंबुलेंस; हाट बाजार में यातायात व्यवस्था नदारद
आलीराजपुर जिले के जोबट में गुरुवार को साप्ताहिक हाट बाजार के जाम में 108 एंबुलेंस फंस गई। प्रसव के बाद प्रसूता को घर छोड़ने जा रही एंबुलेंस अस्पताल से महज 200 मीटर दूर करीब 30 तक आगे नहीं बढ़ सकी। इस दौरान प्रसूता एंबुलेंस में परेशान होती रही। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बाजार की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। 108 एंबुलेंस क्रमांक CGOANY6559 के चालक विक्रम सिंह डुडवे ने बताया कि वे अमर शहीद छीतु किराड़ सिविल अस्पताल से रविना पति दिलीप चौहान को प्रसव के बाद ग्राम खारी स्थित उनके घर छोड़ने जा रहे थे। अस्पताल से निकलने के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। चालक के मुताबिक, एंबुलेंस करीब 30 मिनट तक जाम में फंसी रही। हाट बाजार में वाहनों की भीड़ से रास्ता हुआ संकरा गुरुवार, 5 नवंबर को जोबट में साप्ताहिक हाट बाजार था। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए नगर पहुंचे थे। दीपावली नजदीक होने के कारण कपड़े, किराना, सजावटी सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ थी। बाजार में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही के साथ सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से रास्ता संकरा हो गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और एंबुलेंस जाम में फंस गई। स्थानीय लोगों ने की यातायात इंतजाम की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि हाट बाजार और त्योहारों के दिनों में बाजार में यातायात के विशेष इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती, वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इससे 108 एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिल सकेगा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बाजार की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जाम में फंसी एंबुलेंस का हॉर्न और सायरन भी नहीं बजाया गया। उनका कहना है कि हाट बाजार और त्योहारों के दिनों में यातायात के विशेष इंतजाम होने चाहिए, ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता मिल सके।