समाचार · मध्य प्रदेश
15 नवंबर को इवेंट...:इंदौर में दिलजीत का कॉन्सर्ट रोकने ग्वालियर हाईकोर्ट को उड़ाने का ईमेल
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर ग्वालियर हाईकोर्ट और न्यायाधीश को धमकी भरा ईमेल भेजा है। ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से दीपावली से पहले भेजे गए इस ईमेल में कॉन्सर्ट के दौरान बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। माता-पिता से बच्चों को शो में न भेजने को भी कहा गया है। इससे पहले इंदौर के महापौर कार्यालय और शहर के तीन स्कूलों को भी कार्यक्रम के संबंध में धमकी मिल चुकी है। इससे पहले नवंबर के पहले हफ्ते में बॉम्बे हाई कोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। जिसमें हाई कोर्ट परिसर, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित ‘’जलसा’’ बंगले को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। हाईकोर्ट व जजों की सुरक्षा बढ़ाई, क्राइम ब्रांच-ATS जांच में जुटी प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया हाईकोर्ट और न्यायाधीशों की सुरक्षा कड़ी की है। न्यायालय मार्ग और परिसर में वाहनों व सामान की जांच और सख्त की जाएगी। ग्वालियर क्राइम ब्रांच और एटीएस जांच कर रही हैं। ईमेल के आईपी एड्रेस फ्रांस और दक्षिण कोरिया से जुड़े बताए गए हैं। आशंका है कि ईमेल भारत से भी भेजा हो सकता है। धमकियों के बीच मुंबई में आयोजित होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट इंदौर के बाद दिलजीत का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कॉन्सर्ट होगा। इसे धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और आयोजक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा रहे हैं। दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट रद्द नहीं करने का फैसला किया है। आयोजन स्थल पर 1,500 से 2,000 निजी सुरक्षाककर्मी रखने की तैयारी है।