Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कच्चा मकान ढहा, तीन की मौत:सिंगरौली में दो साल की बच्ची समेत परिवार के 8 सदस्य दबे; 5 लोग घायल

INT News10 November 2026 at 07:29 am

सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार (9 नवंबर) रात भोजन के बाद सो रहे परिवार पर कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबने से अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और 2 साल की बेटी की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम ने जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रात करीब एक बजे तक शवों और घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। एसडीएम और पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 1-1 लाख और घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। दीवार की दरार से आ रही थी आवाज हादसे में घायल महिला बेलमती ने बताया कि परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था। मकान की एक दीवार पहले से फटी थी और उसमें से आवाज आ रही थी। उन्हें घर गिरने की आशंका हुई, लेकिन परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही पूरा मकान ढह गया। बेलमती के मुताबिक, वह चार बच्चों के साथ मिट्टी और मलबे में दब गई थीं। गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उनके पति घर में दबे अन्य लोगों को देखने गए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल पाए। बेलमती ने बताया कि उनका एक साल का बच्चा भी मलबे में दब गया था। घायलों का बैढ़न ट्रामा सेंटर में इलाज जारी मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। मलबे से बच्चों, महिला और बुजुर्ग समेत कई लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में दबने से एक बच्ची, एक महिला और एक पुरुष की मौत हुई है। घायलों का बैढ़न ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है।