Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

अकाली दल की NDA में वापसी: PM मोदी बोले- पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर

INT News24 November 2026 at 04:38 pm

शिरोमणि अकाली दल की NDA में वापसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है. गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अकाली दल का NDA परिवार में लौटना सुखद है. पीएम मोदी ने गठबंधन को स्वाभाविक बताते हुए विश्वास जताया कि BJP-अकाली दल की एकजुटता पंजाब में जनहितैषी शासन, विकास और खुशहाली का नया दौर लाएगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस गठबंधन को ऐतिहासिक बताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं के प्रयासों से मजबूत हुआ अकाली दल-बीजेपी गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है. प्रधानमंत्री को उम्मीद है कि दोनों दलों की यह साझेदारी पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगी.

2020 में कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था गठबंधन

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का रिश्ता दशकों पुराना रहा है. दोनों दलों ने लंबे समय तक पंजाब की राजनीति में मिलकर चुनाव लड़ा और सरकार भी चलाई. हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद बढ़ गए थे. किसानों के आंदोलन के बीच अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था. बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे. अब करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी फिर एक साथ आए हैं.

2027 के विधानसभा चुनाव पर दोनों दलों की नजर

अकाली दल और बीजेपी की वापसी को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राज्य में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं. वर्ष 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी. वहीं, अकाली दल को सिर्फ तीन और बीजेपी को दो सीटों पर जीत मिली थी. ऐसे में दोनों पार्टियों को उम्मीद है कि साथ आने से उनका चुनावी आधार मजबूत होगा और वे आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस को चुनौती दे सकेंगी.

ये भी पढ़ें: जब सोनिया गांधी ने कहा था- तुम बस औसत दिखते हो', राहुल ने सुनाया किस्सा, प्रियंका ने भी खोले राज, Video