समाचार · मध्य प्रदेश
नरसिंहपुर में न्यू बीकानेर स्वीट्स का कारखाना सील:लॉर्ड कृष्णा के छैना गोलियों के डिब्बे में बाल मिले; दोनों जगह से सैंपल लिए
दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए नरसिंहपुर में प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कई कारखानों में छापेमारी की। न्यू बीकानेर स्वीट्स के कारखाने में गंदगी और प्रतिबंधित रसायन मिलने पर उसे सील कर दिया गया। वहीं, लॉर्ड कृष्णा के जरजोला रोड स्थित कारखाने में छैना गोलियों के डिब्बे में बाल और गंदगी मिली। दोनों कारखानों से लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजस्व, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रही मौजूद कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग से एसडीएम महेंद्र पटेल, तहसीलदार अनु जैन, आरआई और पटवारी मौजूद रहे। पुलिस की ओर से एसडीओपी देवेंद्र सिंह चौहान और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अधिकारी सारिका दुबे टीम में शामिल थीं। एसडीएम महेंद्र पटेल ने बताया कि दीपावली को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के बाद भी अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों तक साफ और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ पहुंच सकें।