national
Nvidia: जब एक CEO के लिए बदला कंपनी के बोर्ड का फैसला

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के मुख्यालय में 12 नवंबर 2026 को एक ऐसी खबर आयी, जो पूरी टेक इंडस्ट्री को चौंका दिया. कंपनी के सह-संस्थापक और CEO Jensen Huang अपने पद से इस्तीफा दे देते हैं. जिस व्यक्ति के नेतृत्व में Nvidia दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण AI कंपनियों में शामिल होती है, उसी के जाने से कंपनी के भविष्य पर सवाल उठने लगे.
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती. अगले 11 दिनों में घटनाएं इतनी तेजी से बदलती हैं कि Nvidia का बोर्ड अपना पुराना फैसला पलट देता है. 23 नवंबर को कंपनी फिर से Jensen Huang को CEO की कुर्सी सौंप देती है. इस फैसले के बाद Nvidia के शेयरों में जबरदस्त उछाल आता है और कंपनी का बाजार मूल्य एक ही कारोबारी सत्र में करीब एक ट्रिलियन डॉलर बढ़ जाता है.
एक छोटे से विचार से दुनिया की सबसे बड़ी AI ताकत तक
इस कहानी को समझने के लिए थोड़ा पीछे जाना जरूरी है. साल 1993 में Jensen Huang अपने दो साथियों Chris Malachowsky और Curtis Priem के साथ Nvidia की स्थापना करते हैं. उस समय कंपनी का मुख्य लक्ष्य कंप्यूटर ग्राफिक्स और वीडियो गेम के लिए बेहतर प्रोसेसर बनाना था.
लेकिन Huang की नजर केवल गेमिंग की दुनिया तक सीमित नहीं रहती. वे GPU यानी Graphics Processing Unit की क्षमता को समझते हैं. धीरे-धीरे Nvidia अपने ग्राफिक्स प्रोसेसर को वैज्ञानिक अनुसंधान, मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए भी उपयोगी बनाती है.
कंपनी CUDA जैसे सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म विकसित करती है, जो डेवलपर्स को GPU की मदद से जटिल कंप्यूटिंग करने की सुविधा देता है. आगे चलकर यही तकनीक AI क्रांति की बुनियाद बनती है.
जब OpenAI का ChatGPT दुनिया के सामने आता है और Google, Microsoft, Meta जैसी कंपनियां AI की दौड़ में उतरती हैं, तब Nvidia के GPU की मांग तेजी से बढ़ती है. दुनिया के बड़े डेटा सेंटर और AI मॉडल तैयार करने वाली कंपनियां Nvidia के हार्डवेयर पर निर्भर होने लगती हैं.
इस तरह Jensen Huang केवल एक चिप निर्माता कंपनी के CEO नहीं रहते, बल्कि AI उद्योग के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल हो जाते हैं.
अचानक इस्तीफा और कंपनी में मचती हलचल
नवंबर 2026 में इसी चमकदार तस्वीर के पीछे एक बड़ा विवाद सामने आता है. Jensen Huang के निजी जीवन और कुछ कारोबारी संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं. Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, उनके विवाहेतर संबंधों से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो जाता है. इनमें एक ऐसी कारोबारी महिला का नाम भी चर्चा में आता है, जिसके चीन से कथित खुफिया संबंधों और प्रतिबंधित AI चिप्स की आपूर्ति से जुड़े आरोपों की जांच हो रही है.
यहां ध्यान रखना जरूरी है कि किसी व्यक्ति पर जासूसी या अवैध चिप कारोबार में शामिल होने का आरोप लगना और उसका दोषी साबित होना अलग-अलग बातें हैं. इन आरोपों की जांच जारी रहती है.
8 नवंबर को Nvidia का बोर्ड विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े संभावित जोखिमों की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा करता है. इसके चार दिन बाद, 12 नवंबर को Huang CEO और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे देते हैं.
कंपनी की CFO Colette Kress को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी मिलती है. बोर्ड स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू करने की बात कहता है.
अब सवाल केवल यह नहीं रहता कि Nvidia का अगला CEO कौन होगा. असली सवाल यह होता है कि क्या कंपनी अपने सबसे प्रभावशाली चेहरे के बिना AI की दौड़ में अपनी बढ़त बनाए रख पाएगी?
11 दिनों में बदल जाती है पूरी कहानी
Huang के इस्तीफे के बाद Nvidia के निवेशकों और कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ने लगी, क्योंकि कंपनी का कारोबार केवल GPU बेचने तक सीमित नहीं है. AI कंपनियों के साथ उसके लंबे समझौते, डेटा सेंटर की योजनाएं और वैश्विक सप्लाई चेन भी उसके नेतृत्व से जुड़ी हैं.
दूसरी तरफ, Silicon Valley के कई प्रभावशाली लोग उनकी वापसी का समर्थन करते हैं. Reuters के अनुसार, उनकी वापसी के समर्थन में एक ऑनलाइन याचिका पर 1.80 लाख से अधिक हस्ताक्षर भी आया.
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump भी इस मामले में सक्रिय होते हैं. उनका मानना है कि AI की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अमेरिका Nvidia जैसी कंपनी और Jensen Huang जैसे अनुभवी नेतृत्व को खोने का जोखिम नहीं उठा सकता.
Trump बाद में CNBC को दिए इंटरव्यू में स्वीकार किया कि उन्होंने Nvidia के बोर्ड से बात की और Huang की वापसी के लिए उन्हें मनाया. उन्होंने तर्क दिया कि AI की दौड़ में Huang की तकनीकी समझ और अनुभव बेहद महत्वपूर्ण हैं.
23 नवंबर को Nvidia का बोर्ड अपना फैसला बदल देता है. सभी बोर्ड सदस्य सर्वसम्मति से Jensen Huang को दोबारा President और CEO नियुक्त करने का फैसला लेते हैं. बोर्ड के चेयरमैन Harvey C. Jones बताते हैं कि Huang के साथ कई दौर की बातचीत के बाद उन्हें उनके स्पष्टीकरण और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा होता है. अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले इनपुट के आधार पर बोर्ड यह भी कहता है कि उनकी वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा नहीं है.
इस तरह महज 11 दिनों में Nvidia की कहानी इस्तीफे से वापसी तक पहुंच जाती है.
शेयर बाजार में उछाल और अमेरिका के हित
Huang की वापसी का असर केवल कंपनी के मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा. 23 नवंबर को Nvidia के शेयर 31.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ. Reuters के मुताबिक, कंपनी के बाजार मूल्य में करीब एक ट्रिलियन डॉलर का इजाफा हुआ.
यह उछाल बताता है कि निवेशक Jensen Huang को Nvidia की भविष्य की रणनीति का कितना महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं.
इसके पीछे अमेरिका और चीन के बीच चल रही सेमीकंडक्टर प्रतिस्पर्धा भी बड़ी वजह है. अमेरिका उन्नत AI चिप्स के चीन को निर्यात पर कड़े प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि चीन अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने में जुटा है. Nvidia के लिए चीन एक महत्वपूर्ण बाजार है, लेकिन अमेरिकी निर्यात नियमों का पालन करना भी उसकी मजबूरी है.
ऐसे समय में Huang की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है. वे अमेरिकी सरकार के सामने चीन के बाजार में Nvidia की कारोबारी मौजूदगी बनाए रखने की जरूरत भी है. दूसरी तरफ, अमेरिकी सांसदों को चिंता है कि कहीं उन्नत AI चिप्स प्रतिबंधों को दरकिनार करके चीन तक तो नहीं पहुंच रहे हैं.
यही कारण है कि Huang की वापसी को केवल कंपनी का आंतरिक फैसला मानना मुश्किल है. इसमें अमेरिका की आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हित भी शामिल हैं.
वापसी के बाद भी खत्म नहीं होंगी मुश्किलें
हालांकि, CEO की कुर्सी पर वापसी का मतलब यह नहीं है कि Jensen Huang सभी सवालों से मुक्त हो जाते हैं. Nvidia का बोर्ड विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच जारी रखता है. इसके अलावा कंपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और Export Control की निगरानी के लिए अलग समिति भी बनाती है. कंपनी नए Chief Compliance Officer की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू करती है.
अमेरिकी सांसद भी इस पूरे मामले को लेकर संतुष्ट नहीं दिखाई देते. वे Huang से चीन के साथ कारोबारी संबंधों, AI चिप्स के निर्यात और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब चाहते हैं. 3 दिसंबर 2026 को अमेरिकी सीनेट की सुनवाई में Huang की पेशी भी निर्धारित है.
इसलिए उनकी वापसी के बाद भी Nvidia के सामने कई चुनौतियां बनी रहती हैं.
क्या एक व्यक्ति पूरी कंपनी से बड़ा हो सकता है?
Jensen Huang की वापसी कॉरपोरेट दुनिया के सामने एक असहज सवाल खड़ा करती है. क्या किसी कंपनी का CEO इतना महत्वपूर्ण हो सकता है कि उसके बिना कंपनी का भविष्य ही खतरे में दिखाई देने लगे?
Nvidia के मामले में इसका जवाब काफी हद तक हां दिखाई देता है. Huang की तकनीकी समझ, लंबे समय की रणनीति और दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के साथ उनके संबंध कंपनी की ताकत बनते हैं. लेकिन दूसरी तरफ, किसी भी कंपनी में नियम और जवाबदेही व्यक्ति से बड़े होने चाहिए.
यही इस पूरी कहानी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है. एक तरफ Nvidia को AI की वैश्विक दौड़ में अपनी बढ़त बनाए रखनी है, तो दूसरी तरफ उसे यह भी साबित करना है कि उसकी सफलता किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है और कंपनी के नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं.
Jensen Huang की वापसी फिलहाल Nvidia के लिए राहत की खबर जरूर है, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है. आने वाले दिनों में जांच, अमेरिकी संसद के सवाल और चीन से जुड़े कारोबारी फैसले तय करेंगे कि यह वापसी कंपनी को नई ऊंचाई देती है या कॉरपोरेट गवर्नेंस की दुनिया में एक नई बहस खड़ी करती है.