समाचार · मध्य प्रदेश
सोशल मीडिया फ्रेंड ने 9वीं की छात्रा से किया रेप:अपनी ही जाति का बताकर शादी का झांसा दिया; आरोपी पर केस दर्ज
ग्वालियर में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक 14 वर्षीय छात्रा के लिए भारी पड़ गई। एक युवक ने पहले किशोरी को उसकी ही जाति का बताकर दोस्ती की और फिर शादी का झांसा दिया। इसके बाद उसे होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद युवक जान से मारने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान होकर किशोरी ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मंगलवार को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दशहरा मैदान बुलाया, फिर होटल ले जाकर किया दुष्कर्म महाराजपुरा थाना क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती कान्हा पंडित नाम के युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को उसकी ही जाति का बताया और शादी करने का भरोसा दिलाकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद वह किशोरी को अलग-अलग जगहों पर घुमाने ले जाने लगा। 27 सितंबर 2026 को आरोपी ने बातचीत करने के बहाने किशोरी को दशहरा मैदान बुलाया। वहां से वह उसे महाराजपुरा इलाके में स्थित पुरोहित प्लाजा होटल के कमरे में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी देकर बार-बार मिलने बुलाता रहा पीड़िता के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने घर पर किसी को कुछ बताया, तो वह उसे जान से मार देगा। डर के कारण नाबालिग काफी समय तक चुप रही। उसकी चुप्पी का फायदा उठाकर आरोपी उसे लगातार धमकाकर मिलने के लिए बुलाता रहा और कई बार उसका शोषण किया। मां को बताई आपबीती, तो थाने पहुंचा परिवार जब आरोपी की धमकियां और मिलने का दबाव बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो किशोरी ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी के साथ हुई घटना का पता चलते ही परिजन उसे लेकर महाराजपुरा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी अपने घर से फरार है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।