Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

4 घंटे लेट पहुंची दुरंतो, छूट गई दिल्ली-गुवाहाटी फ्लाइट; कंज्यूमर कोर्ट ने रेलवे पर लगाया 63 हजार का जुर्माना

INT News24 November 2026 at 08:41 pm

जम्मू से दिल्ली आ रही दुरंतो एक्सप्रेस करीब चार घंटे की देरी से पहुंची. इसकी वजह से एक दंपती की दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट छूट गई. इस मामले में जम्मू की जिला उपभोक्ता अदालत ने रेलवे को सेवा में कमी का जिम्मेदार ठहराते हुए दंपती को कुल 63,199 रुपये देने का आदेश दिया है. इसमें नए हवाई टिकट और होटल का खर्च, मानसिक परेशानी के लिए मुआवजा और मुकदमे का खर्च शामिल है.

क्या है पूरा मामला?

मोहित सिंह भाऊ और उनकी पत्नी दामिनी बिलोरिया ने 19 दिसंबर 2022 को जम्मू से दिल्ली जाने के लिए दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12266) में टिकट बुक कराया था. ट्रेन को 20 दिसंबर की सुबह 3.55 बजे दिल्ली पहुंचना था. दंपती ने इसी दिन सुबह 7.15 बजे दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट का टिकट भी बुक किया था.

हालांकि, ट्रेन करीब 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 7.50 बजे दिल्ली पहुंची. इस वजह से दंपती की फ्लाइट छूट गई. उन्हें गुवाहाटी जाने के लिए नए हवाई टिकट खरीदने पड़े, जिस पर 35,699 रुपये खर्च हुए. इसके अलावा होटल में ठहरने के लिए 2,500 रुपये भी देने पड़े.

इसके बाद दंपती ने उपभोक्ता अदालत का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने आर्थिक नुकसान के लिए 60 हजार रुपये, मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए 50 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के तौर पर 30 हजार रुपये की मांग की थी.

रेलवे ने देरी के लिए कोहरे को बताया जिम्मेदार

सुनवाई के दौरान रेलवे ने दलील दी कि इंडियन रेलवे कॉन्फ्रेंस एसोसिएशन के कोचिंग टैरिफ के नियम 115 के तहत ट्रेन के देर से पहुंचने के लिए उसे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. रेलवे के वकील ने यह भी कहा कि कोहरे की वजह से ट्रेन लेट हुई थी.

हालांकि, उपभोक्ता अदालत ने रेलवे की इस दलील को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने कहा कि रेलवे को निर्धारित समय के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल करना था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. साथ ही, कोहरे के कारण ट्रेन लेट होने के दावे के समर्थन में भी कोई सबूत पेश नहीं किया गया.

अदालत ने पाया कि ट्रेन की देरी और इसकी वजह से दंपती की फ्लाइट छूटने की बात टिकटों और अन्य दस्तावेजों से साबित होती है. रेलवे यह भी साबित नहीं कर सका कि देरी उसके नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण हुई थी.

अदालत ने रेलवे को क्या आदेश दिया?

जम्मू जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पवन देव कोतवाल और सदस्य नीलम बाला भारद्वाज की पीठ ने 4 नवंबर 2026 को अपना फैसला सुनाया. आयोग ने रेलवे और केंद्र सरकार को दंपती को कुल 63,199 रुपये देने का निर्देश दिया.

आदेश के मुताबिक

38,199 रुपये: नए हवाई टिकट और होटल में ठहरने का खर्च.

20,000 रुपये: मानसिक परेशानी और असुविधा के लिए मुआवजा.

5,000 रुपये: मुकदमे का खर्च.

आयोग ने 38,199 रुपये की राशि पर 13 फरवरी 2023 से भुगतान होने तक सालाना 7.5 प्रतिशत ब्याज देने का भी आदेश दिया है. रेलवे को आदेश मिलने के छह सप्ताह के भीतर पूरी राशि जमा करनी होगी.

आयोग ने माना कि ट्रेन की देरी के कारण यात्रियों को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी हुई. रेलवे की यह जिम्मेदारी थी कि वह देरी का उचित कारण साबित करे, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहा.

ये भी पढ़ें: E20 पर केरलम-केंद्र में टकराव: 100% एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के सैंपल मांगे