Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

देवास के गुरुद्वारों में प्रकाश पर्व कीर्तन:सांसद मत्था टेकने पहुंचे, समाज ने ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया

INT News24 November 2026 at 08:52 pm

देवास गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर मंगलवार को शहर के प्रमुख गुरुद्वारों में श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक कार्यक्रम हुए। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शबद-कीर्तन, गुरुवाणी और अरदास के बीच संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन कर मत्था टेका और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर शहर के अलग-अलग गुरुद्वारों में कहीं श्री अखंड पाठ साहिब का भोग लगाया गया, तो कहीं कथा-कीर्तन और गुरुवाणी के आयोजन हुए। एबी रोड स्थित बस स्टैंड के सामने वाले गुरुद्वारे में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी भी गुरुद्वारे पहुंचे और मत्था टेककर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया। प्रकाश पर्व को लेकर सभी गुरुद्वारों में खास सजावट की गई थी, जिससे दिनभर शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा। ब्लड डोनेशन कैंप लगा और आतिशबाजी भी हुई कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारों में गुरु का अटूट लंगर भी चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। समाज के राजेंद्र बेदी ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सेवा भाव के साथ ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि सुबह से ही समाजजन और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ गुरुद्वारे पहुंचते रहे, वहीं शाम को विशेष कीर्तन दीवान सजा और रात में शानदार आतिशबाजी भी की गई।