समाचार · बिहार
जम्मू में BSF जवान देवानंद मांझी की मौत, 23 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; सारण के कटसां गांव में शोक की लहर

सारण. भेल्दी थाना क्षेत्र के कटसां गांव निवासी 23 वर्षीय बीएसएफ जवान देवानंद मांझी की जम्मू में गोली लगने से मौत हो गयी. घटना 23 नवंबर 2026 की बतायी जा रही है. मृतक जवान की पहचान गांव निवासी कामेश्वर मांझी के पुत्र देवानंद मांझी के रूप में हुई है. जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. जिस घर में बेटे के देश सेवा में जाने को लेकर गर्व का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस दुखद खबर से स्तब्ध हैं.
जम्मू में तैनात थे बीएसएफ जवान
मिली जानकारी के अनुसार, देवानंद मांझी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में जवान के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में जम्मू में तैनात थे. इसी दौरान 23 नवंबर को उन्हें गोली लग गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी. हालांकि, जवान को गोली किन परिस्थितियों में लगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आयी है.
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग लगातार परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. बताया जा रहा है कि जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार देर रात तक उनके पैतृक गांव कटसां पहुंचने की संभावना है. पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने की सूचना से ग्रामीण अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन को लेकर बेचैन हैं. गांव के लोग उन्हें अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं.
विधायक और राजद नेत्री ने परिजनों से की मुलाकात
महज 23 वर्ष की उम्र में देवानंद की मौत ने परिवार के साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है. देश की सीमा की सुरक्षा में तैनात एक युवा जवान के असामयिक निधन से हर कोई मर्माहत है. जवान की मौत की खबर मिलने के बाद क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है.
इस बीच स्थानीय विधायक सुरेंद्र राम तथा राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने कटसां गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. दोनों ने परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया. जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी जवान के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की.