समाचार · मध्य प्रदेश
सांसद वीडी शर्मा को मृतक के परिजन ने घेरा:बरही अग्निकांड के 14 दिन बाद मिले; भाई बोले- नेता आश्वासन देकर चले जाते हैं
कटनी के बरही नगर में हुए अग्निकांड के 14 दिन बाद मंगलवार देर शाम क्षेत्रीय सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई में देरी पर उनके सामने नाराजगी जताई। मृतक पूरन अग्रवाल के भाई सुरेश अग्रवाल ने कहा कि इस अग्निकांड में उनके भाई का पूरा वंश खत्म हो गया। उन्होंने कहा, “हम उस दिन चाहते तो लाशें बिछा सकते थे और सड़क जाम कर सकते थे।” ‘ऐसे कई नेता आए और चले गए’ वीडी शर्मा ने परिवार को भरोसा दिया कि मामले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस पर सुरेश अग्रवाल ने कहा, “ऐसे कई नेता आए और आश्वासन देकर चले गए, लेकिन आज तक कुछ हासिल नहीं हुआ। कार्रवाई जांच और कागजों तक सीमित रह गई है।” मौके पर मौजूद लोगों ने सुरेश अग्रवाल को शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “मुझे बोलने दो, अब हमारा तो सब कुछ चला ही गया है। इससे ज्यादा और कौन क्या कर लेगा।” ये है पूरा मामला बरही नगर में 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात दीपावली के दौरान एक मकान-सह-दुकान में आग लगी थी। इसमें परिवार के मुखिया पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी, बहू और तीन बच्चों की मौत हो गई थी। ये नेता दे चुके आश्वासन
हादसे के दूसरे दिन जिले के प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह तथा स्थानीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने घटनास्थल का दौरा कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। वहीं, विपक्ष की ओर से पूर्व मंत्री अरुण यादव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जताई थी और प्रशासन से त्वरित न्याय की मांग की थी।
प्रशासनिक सुस्ती के विरोध में कांग्रेस के 6 पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा, स्थानीय नागरिकों ने एक दिन का बरही नगर बंद रखकर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई थी।
चार सदस्यीय समिति कर रही है जांच
अग्निकांड के कारणों और लापरवाही की जांच के लिए प्रशासन द्वारा अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र की अध्यक्षता में एक चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। जानकारी के अनुसार, समिति ने मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपनी है, जिस पर अब पूरे नगर की निगाहें टिकी हुई हैं।