समाचार · झारखंड
धर्मांतरण के खिलाफ IRS निशा उरांव का बयान, बोलीं- सरना समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहना होगा

सिसई (गुमला). गुमला जिले के सिसई प्रखंड स्थित कार्तिक नगर में मंगलवार को स्वर्गीय बाबा कार्तिक उरांव की 102वीं जयंती मनायी गयी. अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी जतरा का भी आयोजन हुआ. इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे खोड़ाहा दलों ने पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत किये.
बाबा कार्तिक उरांव केवल व्यक्ति नहीं, एक विचार थे
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल परिसर में स्थापित बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. मुख्य अतिथि भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी निशा उरांव ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे. उन्होंने आदिवासी समाज की शिक्षा, अधिकार, पहचान और स्वाभिमान के लिए जीवनभर संघर्ष किया. युवा पीढ़ी को उनके विचारों को आत्मसात कर समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत है.
आदिवासी पहचान और सरना धर्म पर रखे विचार
निशा उरांव ने सरना धर्म पर सवाल उठाने वालों के संदर्भ में कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का पूजक है और चाला आयो तथा धर्मेश की पूजा करता है. उन्होंने धर्मांतरण को सरना समाज के लिए चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने की बात कही. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर बोलने के कारण उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है.
निशा भगत की मौत को हत्या बताया
निशा भगत के मामले का उल्लेख करते हुए निशा उरांव ने उनकी मौत को आत्महत्या के बजाय हत्या बताया. यह उनका आरोप था. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को डरने की जरूरत नहीं है और उसे अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए. आदिवासी समाज की तुलना पेड़ से करते हुए उन्होंने कहा कि उसे अपनी जमीन और पहचान से अलग करने का प्रयास नहीं होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Gumla: एक हादसे से दोहरी परेशानी, ट्रक में मिला नर कंकाल, 50 से अधिक गांवों की बिजली ठप
महापुरुषों के विचारों पर चलने का आह्वान
जिला परिषद अध्यक्ष किरण बाड़ा ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने आदिवासी समाज को संगठित कर उसके हक और अधिकारों के लिए आवाज उठायी. उनकी जयंती समाज को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है.
आजसू नेता देवशरण भगत ने कहा कि कार्तिक उरांव जैसे महापुरुषों के योगदान से आदिवासी समाज को अपनी पहचान मजबूत करने में मदद मिली. कार्यक्रम को गीता श्री उरांव सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर प्रमुख मीणा देवी, जिला परिषद सदस्य विजय लक्ष्मी कुमारी, परिषद के प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन लोहरा उरांव, सचिव सच्चिदानंद उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: Gumla Road Accident: आधी रात को भीषण टक्कर, ट्रक चालक जिंदा जला; ऑडी में फंसे दो युवकों को ऐसे बचाया