sports
Exclusive: छक्के जड़ने में माहिर वैभव सूर्यवंशी को इस काम से थी चिढ़, कोच के सामने हर बार बनाते थे बहाना

Vaibhav Sooryavanshi: महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा रहे हैं. यूएई के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में उन्होंने 53 गेंदों पर 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के निकले.
वैभव ने 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. लेकिन मैदान पर बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वैभव को बचपन में एक काम बिल्कुल पसंद नहीं था. वह काम था फील्डिंग करना. फील्डिंग की प्रैक्टिस से बचने के लिए वह अक्सर अपने कोच के सामने अलग-अलग बहाने बनाया करते थे. उनके बचपन के कोच मनीष ओझा ने से खास बातचीत में वैभव के शुरुआती दिनों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए.
वैभव की पारी को कोच मनीष ओझा ने बताया ऐतिहासिक
यूएई के खिलाफ वैभव की 204 रनों की पारी पर बात करते हुए मनीष ओझा ने इसे उनके करियर की लैंडमार्क पारी बताया. उन्होंने कहा कि वैभव ने इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं. 28 गेंदों में शतक, सबसे कम उम्र में दोहरा शतक और एक पारी में 28 छक्के लगाने जैसे कीर्तिमान उनकी काबिलियत को दिखाते हैं.
मनीष ओझा ने कहा कि वैभव ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उससे उनकी खेलने की शैली साफ नजर आती है. भारतीय टीम ने महज 14.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. वैभव अगर इसी तरह बल्लेबाजी करते रहे, तो वनडे क्रिकेट में भी 500 रन आसानी से बन सकते हैं.
आक्रामक बल्लेबाजी बदलने को तैयार नहीं थे वैभव
वैभव की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत उनके लंबे-लंबे छक्के हैं. उनके कोच ने बताया कि बचपन से ही वह आक्रामक अंदाज में खेलना पसंद करते थे. उनकी निर्भरता बाउंड्री के जरिए रन बनाने पर ज्यादा रहती थी. टी20 और वनडे में तो वह इसी अंदाज में रन बनाते थे, लेकिन लंबे फॉर्मेट में भी उनका यही रवैया कायम रहता था.
मनीष ओझा ने बताया, 'जब हम वैभव को रणजी जैसे लंबे फॉर्मेट के बारे में समझाते थे कि वहां सिंगल और डबल लेकर भी खेलना चाहिए, तो वह अपनी सोच पर कायम रहते थे. उनका मानना था कि अगर वह आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं, तो इसी अंदाज को बरकरार रखना चाहते हैं. शुरुआत में हमने उन्हें कई बार समझाया, लेकिन बाद में उन पर दबाव डालना छोड़ दिया, ताकि वह अपना स्वाभाविक खेल खेल सकें. आज उनका वही आत्मविश्वास मैदान पर दिखाई दे रहा है.'
ये भी पढ़ें: 28 छक्के, 28 गेंदों में शतक और रिकॉर्ड बुक तहस-नहस; वैभव सूर्यवंशी ने एक पारी में रचे कई इतिहास
छक्के लगाने वाले वैभव को फील्डिंग से थी चिढ़, बनाते थे बहाने
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का हर कोई मुरीद है, लेकिन बचपन में उनकी दिलचस्पी सिर्फ बल्लेबाजी में थी. मनीष ओझा ने बताया कि वैभव सुबह हो या शाम, नेट्स में बल्लेबाजी करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे. मगर जैसे ही उन्हें फील्डिंग की प्रैक्टिस के लिए कहा जाता, वह इससे बचने के बहाने खोजने लगते थे.
उनके कोच ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि फील्डिंग के लिए कहने पर वैभव कभी पेट दर्द का बहाना बनाते थे. काफी समझाने के बाद वह मैदान पर फील्डिंग करने के लिए खड़े तो हो जाते, लेकिन कुछ देर बाद अपने पिता की ओर इशारा करके कहते कि सर को समझाइए, उन्हें पटना से समस्तीपुर जाना है. इस तरह वह अलग-अलग बहाने बनाकर फील्डिंग से बचने की कोशिश करते थे.
मनीष ओझा के मुताबिक, बचपन में वैभव को एक जगह खड़े होकर फील्डिंग करना भी ज्यादा पसंद नहीं था. उन्हें बल्लेबाजी में ही सबसे ज्यादा मजा आता था.
ये भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: 204 रन बनाने के बाद भी जश्न क्यों नहीं मनाना चाहते वैभव? खुद बताई वजह
8 साल की उम्र में समस्तीपुर से पटना आए थे वैभव
मनीष ओझा ने बताया कि वैभव महज 8 साल की उम्र में समस्तीपुर से पटना क्रिकेट खेलने के लिए आए थे. करीब पांच साल तक उन्होंने उनके मार्गदर्शन में अभ्यास किया. कोच के मुताबिक, वैभव बचपन से ही बाकी खिलाड़ियों से काफी अलग थे. उनकी बल्लेबाजी की क्षमता, टाइमिंग, गेंदों का चयन, बड़े शॉट खेलने का अंदाज और रन बनाने की काबिलियत उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाती थी.
उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक वैभव जैसा प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं देखा है. उनकी नजर में वैभव का कोई जोड़ नहीं है. बचपन में ही उनकी प्रतिभा साफ नजर आने लगी थी और आज वह अपने प्रदर्शन से उस भरोसे को सही साबित कर रहे हैं.
BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने वैभव सूर्यवंशी को दी बधाई
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने UAE के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने की उपलब्धि असाधारण है. वैभव की निडर बल्लेबाजी, अद्भुत क्षमता और आत्मविश्वास उनकी अपार प्रतिभा को दर्शाते हैं. उनके प्रदर्शन ने बिहार के हर क्रिकेट प्रेमी को गर्व का मौका दिया है.
इनपुट— अभिनंदन पांडे
ये भी पढ़ें: 'मार, मारो, मारो...', वैभव की बल्लेबाजी पर डगआउट में ऐसा था माहौल, तिलक वर्मा ने सुनाया दिलचस्प किस्सा