Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दुर्ग में 8 खाताधारकों पर कार्रवाई:5 से 15 हजार रुपए कमीशन लेकर साइबर ठगों को दिए बैंक खाते; जांच में मिला लाखों का लेन-देन

INT News24 November 2026 at 08:31 pm

साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में जमा कराने और आगे ट्रांसफर करने के लिए खाते उपलब्ध कराने वाले 8 लोगों पर दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की है। ये लोग 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन लेकर साइबर ठगों को अपने और दूसरे लोगों के बैंक खाते देते थे। पुलिस की जांच में इन खातों से लाखों रुपए के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना नेवई, छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की है। जांच में सामने आया कि नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के 6 और छावनी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक के 2 खाताधारक साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले खाते उपलब्ध करा रहे थे। पुलिस ने 23 नवंबर को सभी 8 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे बैंक खातों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान नेवई और छावनी थाने में दर्ज मामलों की जांच में इन खाताधारकों की भूमिका सामने आई। बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। इसमें पता चला कि एजेंटों के जरिए खाताधारकों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम लिए जाते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपए तक दिए जाते थे। ठगी की रकम दूसरे खातों में करते थे ट्रांसफर

पुलिस के मुताबिक साइबर ठग इन बैंक खातों का इस्तेमाल लोगों से ठगी कर हासिल की गई रकम जमा करने और उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए करते थे। इससे ठगी की रकम का असली स्रोत छिपाने में मदद मिलती थी। खाताधारक कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और सिम कार्ड एजेंटों के जरिए ठगों तक पहुंचाते थे। नेवई के 6 और छावनी के 2 खाताधारक शामिल

नेवई थाने के इंडसइंड बैंक से जुड़े खाताधारकों में टोमन डहरे (44), अभय मिश्रा (28), हरीशंकर सारथी (28), चेतन मांझी (32), देवराज साहू (25) और बिसेक शर्मा (31) शामिल हैं। वहीं, छावनी थाने के आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े खाताधारकों में अखिलेश सिंह (32) और अक्षय सक्सेना (28) शामिल हैं। सभी दुर्ग जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।