Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कलेक्टर बोले- बोरदा में धनिया ग्रेडिंग और पाउडर प्लांट बनेगा:पान के पत्तों से तेल निकालने का प्लांट लगाने पर भी चर्चा, किसानों को मिलेगा लोन

INT News24 November 2026 at 08:40 pm

मंदसौर जिले में किसानों की उपज को सीधे कारोबार से जोड़ने से लेकर गांवों में पीने के पानी और जिला अस्पताल में इलाज की सुविधाएं बढ़ाने तक, प्रशासन ने कई बड़ी योजनाओं को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है। मंगलवार को कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अलग-अलग विभागों की बैठकों में इन कामों की समीक्षा की और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके तहत भानपुरा के बोरदा में फरवरी तक 38 लाख रुपए की लागत से धनिया ग्रेडिंग और पाउडर प्लांट लगाने की योजना है। वहीं, गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना के तहत दिसंबर तक 70 गांवों में नल से पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी दूर करने के लिए अब निजी डॉक्टरों की सेवाएं भी ली जाएंगी। धनिया के साथ गेहूं-चने की भी होगी ग्रेडिंग ‘उपज से उद्यम’ अभियान के तहत भानपुरा क्षेत्र के बोरदा में सहकारी संस्था ‘बोरदा पैक्स’ धनिया ग्रेडिंग और पाउडर बनाने का प्लांट लगाएगी। इसके लिए 38 लाख रुपए का लोन मिल रहा है, जिस पर सरकारी योजना के तहत 40 प्रतिशत की सब्सिडी मिलेगी। पैक्स समिति में रजिस्टर्ड किसान इस प्लांट में हिस्सेदार होंगे। यहां तैयार होने वाले धनिया पाउडर को बेचने के लिए राजस्थान के भवानीमंडी के व्यापारियों से बातचीत भी हो चुकी है। खास बात यह है कि प्लांट में अलग से छलना लगाकर गेहूं और चने की ग्रेडिंग भी की जा सकेगी। बोरदा के अलावा जिले के चार अन्य इलाकों में भी ऐसे प्लांट लगाने की तैयारी है। पान के टूटे पत्तों और गिरने वाले संतरों से बनेगा तेल व एसेंस बैठक में पान की खेती करने वाले किसानों को बाजार से जोड़ने और टूटे-फूटे पत्तों से तेल निकालने का प्लांट लगाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए किसानों को आगर-मालवा जिले में लगे प्लांट का दौरा कराया जाएगा। उद्यानिकी विभाग ने इस साल पान उत्पादन की 25 यूनिट लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें हर यूनिट के लिए 1 लाख 3 हजार रुपए का लोन मिलेगा और इसमें 41,270 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। इसी तरह, गरोठ और सीतामऊ इलाके में संतरा उत्पादक किसानों के क्लस्टर बनाए जा रहे हैं। कलेक्टर ने पेड़ों से टूटकर नीचे गिरने वाले संतरों से एसेंस और तेल बनाने की इकाइयां लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों की अतिरिक्त कमाई हो सके। इसके साथ ही लहसुन प्रोसेसिंग यूनिट और डेयरी इकाइयां शुरू करने को लेकर भी किसानों से चर्चा की गई। सड़क बनाने में पाइपलाइन टूटी, तो संबंधित विभाग से वसूलेंगे हर्जाना गांधीसागर-1 और गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजनाओं में जिले के 906 गांव शामिल हैं, जिनका काम अंतिम चरण में है। लेकिन सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कामों की वजह से पानी की पाइपलाइन टूट रही हैं, जिससे प्रोजेक्ट में देरी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि जिस भी विभाग के काम से पाइपलाइन को नुकसान होगा, वही प्राथमिकता से उसकी मरम्मत कराएगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो जल निगम के आकलन के हिसाब से उस विभाग से हर्जाना वसूला जाएगा। कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल का इस्तेमाल करने, अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और कोई भी नया काम शुरू करने से पहले इलाके के एसडीएम को जानकारी देने के लिए कहा है। दिसंबर 2026 तक गांधीसागर-1 योजना के 70 गांवों में पानी की सप्लाई शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल गांधीसागर-1 के 87 और गांधीसागर-2 के 36 गांवों में वैकल्पिक व्यवस्था से पानी दिया जा रहा है, जबकि पीएचई विभाग 186 गांवों में स्थानीय स्रोतों से पानी पहुंचा रहा है। बालागंज में बन रहा 70 दुकानों का कॉम्प्लेक्स बालागंज स्कूल परिसर में शिक्षा विभाग की राशि से नगर पालिका 70 दुकानों का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बना रही है, जिसमें से 20 दुकानों का काम अभी चल रहा है। कलेक्टर ने नगर पालिका को निर्माण जल्द पूरा कर जनवरी 2027 तक दुकानों की नीलामी और टेंडर प्रक्रिया निपटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कॉम्प्लेक्स में पार्किंग, आने-जाने के रास्ते, बैठने और लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था रखने को कहा है। साथ ही परिसर की पुरानी 17 दुकानों की मरम्मत कर नीलामी करने या उन्हें तोड़ने पर भी प्लान बनाने को कहा है। स्कूल की बाउंड्रीवॉल और मल्टीपरपज ग्राउंड बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अब जिला अस्पताल में भी होगी सोनोग्राफी जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन होने के बावजूद विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते मरीजों को नियमित जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अब कलेक्टर की पहल पर शहर के निजी सोनोलॉजिस्ट डॉक्टरों ने अस्पताल में अपनी सेवाएं देने के लिए हामी भर दी है। कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. द्विवेदी और सिविल सर्जन डॉ. रावत को सहमति देने वाले डॉक्टरों का रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) बनाकर जल्द सोनोग्राफी शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बदले डॉक्टरों को मानदेय दिया जाएगा। इस फैसले से अब मरीजों को जांच के लिए बाहर निजी केंद्रों पर भटकना नहीं पड़ेगा।