Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दुर्ग में प्रैक्टिस कर रहे 13 खिलाड़ियों के मोबाइल चोरी:स्कूटी की डिक्की में रखे थे सभी फोन, जांच में जुटी पुलिस

INT News24 November 2026 at 08:22 pm

भिलाई निवास के सामने स्थित साइकिल पोलो ग्राउंड में अभ्यास करने पहुंचे 13 खिलाड़ियों के मोबाइल चोरी हो गए। सभी खिलाड़ियों ने अपने मोबाइल एक ही स्कूटी की डिक्की में रखे थे। अभ्यास खत्म होने के बाद जब डिक्की खोली गई तो सभी फोन गायब मिले। घटना के बाद खिलाड़ियों ने भिलाई नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस और क्राइम ब्रांच से जल्द मोबाइल बरामद करने की मांग की है। खिलाड़ी सोमवार की रात को भिलाई नगर थाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत की थी। पुलिस द्वारा उन्हें 24 घंटे का समय देकर लौटा दिया गया। इसके बाद मंगलवार शाम को खिलाड़ी अपने कोच के साथ दोबारा भिलाई नगर थाने पहुंचे। खिलाड़ियों के कोच आर. सुनील कुमार ने बताया कि रात के करीब 8 बजे एफआईआर दर्ज कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक जयंती स्टेडियम बंद होने के कारण खिलाड़ी इन दिनों भिलाई निवास ग्राउंड में अभ्यास कर रहे हैं। इसी दौरान सभी ने अपने मोबाइल सुरक्षित समझकर एक स्कूटी की डिक्की में रख दिए थे। खिलाड़ी मैदान में अभ्यास करने चले गए। जब अभ्यास पूरा कर वापस लौटे और डिक्की खोली तो उसमें रखे सभी 13 मोबाइल गायब थे। आसपास तलाश करने के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चला। मोबाइल में थे परीक्षा के प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज

चोरी हुए सभी मोबाइल एंड्रॉयड बताए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के मुताबिक इन मोबाइल में सिर्फ फोटो और नंबर ही नहीं, बल्कि परीक्षा के प्रवेश पत्र, पढ़ाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी मौजूद थी। कुछ खिलाड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि अन्य आगामी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास कर रहे हैं। ऐसे में मोबाइल चोरी होने से उनकी पढ़ाई और खेल की तैयारी दोनों प्रभावित हो रही हैं। सामान्य परिवारों से आते हैं खिलाड़ी, कोच भी थे मौजूद

खिलाड़ियों का कहना है कि वे सामान्य और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। उनके लिए नया मोबाइल खरीदना आसान नहीं है। एक साथ 13 मोबाइल चोरी होने से सभी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के समय खिलाड़ियों के साथ भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के सेवानिवृत्त शिक्षक आर. सुनील कुमार भी मौजूद थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच से जल्द बरामदगी की मांग

घटना के बाद खिलाड़ियों के समूह ने भिलाई नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और चोरी हुए सभी मोबाइल जल्द बरामद करने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि ये मोबाइल उनके लिए केवल बातचीत का साधन नहीं थे, बल्कि पढ़ाई, परीक्षा और खेल से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी इनमें सुरक्षित थे। मोबाइल वापस नहीं मिलने पर उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।