समाचार · मध्य प्रदेश
गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन होता है सफल : अभय सिंह
पगारी बंगला| शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय ताजपुरा में गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभय सिंह मकवाना एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाध्यापक प्रकाश नारायण सक्सेना व हुकुमचंद प्रजापति रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं भगवान वेदव्यास व गुरु सांदीपनि के स्मरण से हुई। अतिथियों का तिलक, माला, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। वरिष्ठ शिक्षक संतोष पाठक ने कहा कि गुरु जीवन के सर्वोच्च मार्गदर्शक होते हैं, जिनका ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। मुख्य अतिथि अभय सिंह मकवाना ने भगवान राम और श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि महानता गुरु की आज्ञा और सेवा से ही प्राप्त होती है। प्रकाश नारायण सक्सेना ने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान कर आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आसपास के विद्यालयों के शिक्षक भी शामिल हुए। अंत में राम कैलाश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्कूल स्टाफ के साथ छात्र उपस्थित रहे।