समाचार · उत्तर प्रदेश
कंगना रनौत के विरोध में बवाल, जलता पुतला छीनकर भागे इंस्पेक्टर साहब, लखनऊ का VIDEO वायरल

लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया. इस दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर पुतले का जलता हुआ हिस्सा भीड़ से छीन लिया और वहां से बहुत तेज भाग गया, पुलिस इंस्पेक्टर के पीछे-पीछे कांग्रेस की माहिला कार्यकर्ता भी दौड़ लगा दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई खींचतान
वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता कंगना रनौत का पुतला जलाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक इंस्पेक्टर आगे बढ़े और आग लगे पुतले का एक हिस्सा अपने कब्जे में लेकर वहां से हट गए. घटना के समय कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की खींचतान भी देखने को मिली.
View on Instagram
कांग्रेस का आरोप- महिलाओं का हुआ अपमान
प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस महिला पदाधिकारियों का आरोप है कि कंगना रनौत ने अपने हालिया बयान में देश की बेटियों का अपमान किया है. उनका कहना है कि भाजपा सांसद ने युवा महिलाओं के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया. कांग्रेस नेताओं ने कंगना रनौत से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की.
किस बयान पर शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत कंगना रनौत के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने युवा हिंदू महिलाओं की लाइफस्टाइल और भाषा पर टिप्पणी करते हुए "जेनरेशन गटर" शब्द का इस्तेमाल किया था. इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए विरोध दर्ज कराया.
मॉल एवेन्यू चौराहे पर हुआ प्रदर्शन
कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के मॉल एवेन्यू चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए आग फैलने से रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान इंस्पेक्टर द्वारा पुतले का जलता हिस्सा हटाने का वीडियो सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
वीडियो बना चर्चा का विषय
लखनऊ में हुए इस विरोध प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है. एक ओर कांग्रेस इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बता रही है, वहीं दूसरी ओर कंगना रनौत अपने बयान का बचाव करते हुए इसे मर्यादा और सामाजिक व्यवहार से जुड़ा विषय बता रही हैं. विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है.
कंगना रनौत ने वीडियो जारी कर दी सफाई
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी महिला का अपमान करना नहीं था, बल्कि सार्वजनिक जीवन में शालीनता, सिविक सेंस और सांस्कृतिक मर्यादा की जरूरत पर जोर देना था. उन्होंने मीडिया और स्वयं को फेमिनिस्ट बताने वाले कुछ लोगों पर भी निशाना साधा.
यह भी पढ़ें: भदोही नहीं... इस नाम से होगी जिले की नई पहचान! CM योगी के ऐलान से बढ़ी हलचल