Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IND-W vs ZIM-W: भारत ने जिम्बाब्वे का 3-0 से किया क्लीन स्वीप, तीसरे वनडे 8 विकेट से जीता; वैष्णवी ने झटके 5 विकेट

INT News28 October 2026 at 07:45 pm

IND-W vs ZIM-W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस मुकाबले में वैष्णवी शर्मा ने अपनी घातक गेंदबाजी से 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए. जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई. जवाब में भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर 132 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया. शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल की दमदार पारियों की बदौलत भारत ने 132 रन का लक्ष्य महज 17 ओवर में हासिल कर लिया. इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है.

वैष्णवी शर्मा की फिरकी में फंसे जिम्बाब्वे के बल्लेबाज

भारतीय गेंदबाज वैष्णवी शर्मा ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपनी गेंदबाजी से जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. उनकी इस बेहतरीन गेंदबाजी के कारण जिम्बाब्वे की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही.

वैष्णवी के अलावा सायली सतघरे और क्रांति गौड़ ने भी गेंद से अहम योगदान दिया. दोनों गेंदबाजों ने 2-2 विकेट हासिल किए. वहीं, जिम्बाब्वे की एक बल्लेबाज रन आउट हुई.

ये भी पढ़ें: WPL 2027 Auction: सोफी मोलिन्यू पर यूपी वॉरियर्स ने खर्च किए 1.10 करोड़, देखें खिलाड़ियों की लिस्ट

मुपाचिकवा और कप्तान नकोमो ने संभाली जिम्बाब्वे की पारी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई. टीम के लिए मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए. उन्होंने 48 गेंदों का सामना किया. वहीं, कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 67 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया.

इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा जिम्बाब्वे की ओर से कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल सकी. भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए, जिससे पूरी टीम 39.5 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई.

शेफाली और प्रतिका ने भारत को दिलाई आसान जीत

132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज यस्तिका भाटिया बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं. इसके बाद हरलीन देओल भी 19 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गईं. शुरुआती दो विकेट गिरने से भारतीय टीम पर दबाव बन सकता था, लेकिन शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्थिति संभाल ली.

शेफाली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए. वहीं, प्रतिका रावल ने 56 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया. भारतीय टीम ने 17 ओवर में ही जीत दर्ज कर ली और जिम्बाब्वे को वापसी का मौका नहीं दिया.

ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट