समाचार · मध्य प्रदेश
क्राइम मीटिंग में ब्लाइंड मर्डर, साइबर ठगी रहा फोकस:चंबल डीआईजी बोले- ऑरोरा एक्स पर कितनी शिकायतें आईं, एफआईआर में लेटलतीफी नहीं
भिंड में ऑरोरा एक्स में निवेश के नाम पर लोगों की रकम फंसने के मामले में कितनी शिकायतें आई हैं और उन पर क्या कार्रवाई हुई, पुलिस इसकी जानकारी जुटाए। साइबर ठगी से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज करने में देरी नहीं होनी चाहिए। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन ने गंभीर अपराधों और साइबर ठगी के मामलों की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। ब्लाइंड मर्डर जैसे गंभीर अपराधों के निराकरण पर जोर डीआईजी ने जिले में गंभीर, जघन्य और चिन्हित अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने ब्लाइंड मर्डर जैसे मामलों में जांच को गति देने और अपराधों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि गंभीर अपराधों में कार्रवाई के दौरान लापरवाही न हो और आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। ऑरोरा एक्स में फंसी रकम की शिकायतों पर कार्रवाई ऑरोरा एक्स एप में निवेश करने वाले भिंड के लोगों की रकम फंसने का मामला चर्चा में है। ऐसे में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण है। डीआईजी ने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने और ठगी के पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। साथ ही शिकायतों के आधार पर कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन और त्योहारों की सुरक्षा की समीक्षा
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एसएसपी सूरज कुमार वर्मा, एएसपी प्रदीप पटेल, डीएसपी मुख्यालय सतीश चौहान, सीएसपी निरंजन राजपूत, एसडीओपी अटेर रविंद्र वास्कले, एसडीओपी गोहद महेंद्र गौतम, एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।