समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में मेडिकल टीचर्स का आंदोलन स्थगित:भोपाल में हेल्थ कमिश्नर से चर्चा के बाद निर्णय, मांगों के निराकरण के लिए मिला एक महीने का समय
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज और डेंटल कॉलेज के चिकित्सा शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (MTA), इंदौर ने अपना आगामी आंदोलन स्थगित कर दिया है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की बुधवार को कमिश्नर हेल्थ एस. धनराजू के साथ करीब एक घंटे तक चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक में लंबित मांगों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर सहमति बनी। एमटीए के अनुसार मेडिकल कॉलेज और डेंटल कॉलेज स्तर पर लंबित एरियर का भुगतान, समयमान वेतनमान के नए प्रस्ताव तैयार करने और आयुष्मान योजना के लंबित इंसेंटिव के वितरण जैसे मुद्दों पर जल्द आदेश जारी करने का आश्वासन दिया गया। वहीं, संचालनालय और शासन स्तर पर लंबित विषयों का एक महीने के भीतर निराकरण करने पर सहमति बनी है। उप मुख्यमंत्री की पहल पर हुई चर्चा एमटीए इंदौर ने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार जताया। एसोसिएशन के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री की पहल पर कमिश्नर हेल्थ को प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर लंबित मांगों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने संचालनालय और शासन स्तर पर लंबित मामलों को एक महीने में हल करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया। चर्चा में एमटीए अध्यक्ष डॉ. राहुल रोकड़े, सहसचिव डॉ. राममोहन शुक्ला, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनीष वर्मा और डॉ. माधवी पाटीदार उपस्थित रहे।