समाचार · मध्य प्रदेश
लाठी-डंडों से पीटकर व्यक्ति की हत्या मामला:छतरपुर में 3 आरोपी गिरफ्तार; घायल ने अस्पताल में तोड़ा था दम
छतरपुर जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र के मझगुवां गांव में रन्नू यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 24 अक्टूबर को रन्नू पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पत्नी की शिकायत पर दर्ज किया था केस पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को डायल-112 के जरिए मझगुवां गांव में रन्नू यादव पर हमला होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। रन्नू की पत्नी की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान रन्नू की मौत होने पर पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ा दी। तीनों आरोपी मझगुवां खुर्द के निवासी पुलिस ने रामू यादव पिता हलकाई यादव, सूरज यादव पिता रामू यादव और श्रीराम यादव पिता पृथ्वीलाल यादव को गिरफ्तार किया है। तीनों मझगुवां खुर्द, थाना गुलगंज क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजत सकलेचा के निर्देश पर कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी बड़ा मलहरा प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। गुलगंज थाना प्रभारी शिशिर तिवारी सहित थाने की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।