समाचार · छत्तीसगढ़
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की:कोंडागांव में बैठक कर SIR प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे बंद करने को कहा
कोंडागांव में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों की बैठक हुई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ऑब्जर्वर राजेश धोडीराम राठौर की मौजूदगी में हुई इस बैठक में अभियान को लोगों तक पहुंचाने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में राठौर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए इस प्रक्रिया को बंद करने की मांग भी की। मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग राजेश धोडीराम राठौर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए चुनाव निष्पक्ष होना और मतदाता सूची में पारदर्शिता जरूरी है। हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए इन मुद्दों को लोगों तक पहुंचा रही है और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। 1 नवंबर को दिल्ली की महारैली में शामिल होने की अपील राठौर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की महारैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कोंडागांव जिले के जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रैली में पहुंचने को कहा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर अभियान को मजबूत बनाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।