समाचार · हरियाणा
करनाल लक्ष्य हत्याकांड में सातवां आरोपी गिरफ्तार:पुरानी रंजिश में 14 अक्टूबर को युवक पर लाठी-डंडों और चाकुओं से किया था हमला, चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में हुई थी मौत
करनाल में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक सात आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-9 करनाल निवासी सुजाल के रूप में हुई है। उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि वारदात में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा सके। दोस्त के साथ गाड़ी में बैठा था लक्ष्य, तभी किया हमला
पुलिस के अनुसार, बीती 14 अक्टूबर को लक्ष्य अपने दोस्त के साथ पुराना बस अड्डा, करनाल के पीछे गाड़ी में बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उस पर लाठी-डंडों, चाकुओं और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। 15 अक्टूबर 2026 को फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान लक्ष्य की मौत हो गई। शहर थाना में दर्ज हुआ था हत्या का मामला
शिकायत के आधार पर बीती 15 अक्टूबर को थाना शहर करनाल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान पहले छह आरोपियों गुरलाज, पुनीत, गौतम, आर्यन, आकाश और अमन को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में सुजाल की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद सीआईए-3 की टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सीआईए-3 की टीम ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के दिशा-निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सीआईए-3 प्रभारी निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक हरदीप सिंह की टीम ने यह गिरफ्तारी की। अनुसंधान अधिकारी के अनुसार, आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस नियमानुसार आगामी कार्रवाई करेगी।