समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में मोबाइल चोर पकड़ाया:शॉप से 15 फोन, एप्पल आईपैड, CCTV का DVR किए थे चोरी
उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में मोबाइल शॉप से 15 फोन और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के 2 मोबाइल, एक एप्पल आईपैड और CCTV कैमरों का DVR बरामद किया। सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी का एक साथी फरार है। चोरी 6 अक्टूबर की रात लाला लाजपत राय मार्ग स्थित गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई थी। फाजलपुरा निवासी दुकान संचालक परवेज मंसूरी की रिपोर्ट पर चिमनगंज मंडी थाने में केस दर्ज किया गया था। चोर शटर और ताले तोड़कर दुकान में घुसे थे। वे 15 मोबाइल फोन, एप्पल आईपैड, CCTV का DVR और हार्ड डिस्क के साथ नकदी ले गए थे। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज देखे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आशीष उर्फ गंजू उर्फ सुखमनंदर सिंह को हिरासत में लिया। वह भोपाल का रहने वाला है और फिलहाल चिमनगंज मंडी इलाके में रह रहा था। पूछताछ में आशीष ने अपने साथी खय्याम के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, उसने बताया कि चोरी के बाकी मोबाइल खय्याम के पास हैं। पुलिस ने सामान की बरामदगी और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार सहित पुलिस टीम शामिल रही।