समाचार · बिहार
पटना के JP गोलंबर पहुंचे डाटा एंट्री ऑपरेटर कर्मी, बोले- 15 से 20 साल से कर रहे नौकरी, फिर भी राज्यकर्मी का दर्जा नहीं

Patna Data Entry Operator Protest : पटना में बेल्ट्रॉन के तहत काम करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर अपनी मांगों को लेकर JP गोलंबर पहुंचे. प्रदर्शन में शामिल कर्मियों ने हाथों में पोस्टर लेकर राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग उठाई. उनका कहना है कि वे लंबे समय से सरकारी विभागों का काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा नहीं मिला है.
15 से 20 साल से कर रहे नौकरी, फिर भी इंतजार
प्रदर्शन में शामिल कर्मियों ने बताया कि कोई 15 साल, कोई 17 साल तो कोई करीब 20 साल से डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा है. इसके बावजूद उन्हें अब तक राज्यकर्मी का दर्जा नहीं दिया गया है. कर्मियों का कहना है कि वे सरकार के विभिन्न कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है.
हाथों में पोस्टर लेकर उठाई आवाज
प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था- 'हमारी एक ही पुकार, मिले राज्यकर्मी का दर्जा'. कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते हुए कहा कि सरकार उनसे काम तो लेती है, लेकिन उनके भविष्य और सेवा संबंधी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
JP गोलंबर पर पुलिस ने की बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान के पास JP गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की. इसका उद्देश्य इलाके में व्यवस्था बनाए रखना और यातायात को नियंत्रित करना है. प्रदर्शन में शामिल कर्मियों की मांग है कि सरकार उनकी वर्षों पुरानी समस्या पर गंभीरता से विचार करे और राज्यकर्मी का दर्जा देने की दिशा में ठोस निर्णय ले.
Also Read : यूपी-एमपी और हरियाणा से पटना पहुंच रही शराब, किराये के कमरे से 8.80 लाख की शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार