समाचार · मध्य प्रदेश
महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में पार्षद पर FIR:छिंदवाड़ा में छेड़छाड़ और जातिगत कमेंट करने के भी आरोप
छिंदवाड़ा में नगर निगम की एक महिला कर्मचारी ने वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद राहुल मालवीय पर छेड़छाड़, अश्लील बातें करने और जातिगत अपमान करने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है। पीड़िता नगर निगम में मोहर्रिर के पद पर पदस्थ है। वह वार्ड 29 में घर-घर जाकर टैक्स वसूली का काम करती है। शिकायत के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को पार्षद ने उसे शासकीय काम के बहाने अपने निजी कार्यालय में बुलाया था। महिला का आरोप है कि वहां अकेला पाकर पार्षद ने उससे अश्लील बातें कीं और प्यार का इजहार किया। इसके बाद गलत नीयत से हरकत की। विरोध करने पर उसने शटर बंद करने की कोशिश की। महिला ने पार्षद पर जातिगत गाली-गलौज कर अपमानित करने का आरोप भी लगाया है। अधिकारियों के सामने भी हुई बहस शिकायत के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पार्षद ने उनसे भी बहस की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के राजनीतिक रसूख और डर के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। करीब 8 दिन बाद शनिवार को उसने कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कमलनाथ के करीबी माने जाते हैं पार्षद राहुल मालवीय को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ का करीबी माना जाता है। इससे पहले वे पंजाब में कांग्रेस के चुनाव प्रचार के लिए भी जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल वे दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे हैं। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला कोतवाली पुलिस ने FIR क्रमांक 0842/2026 के तहत BNS की धारा 296(a), 74 और 75(2) के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(w)(i) और 3(2)(va) में मामला दर्ज किया है। कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि शनिवार को महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी पार्षद फिलहाल फरार है।