समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में एमपी स्थापना दिवस पर थिरके जनप्रतिनिधि:ढोल की थाप पर झूमे सांसद, विधायक और कलेक्टर; आदिवासी लोकनृत्य ने मोहा मन
बुरहानपुर में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह रविवार को इंदिरा कॉलोनी स्थित परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। समारोह में आदिवासी लोकनृत्य की प्रस्तुति हुई। ढोल की थाप पर सांसद, विधायक, महापौर और कलेक्टर लोक कलाकारों के साथ झूमते नजर आए। दीप प्रज्ज्वलन और मध्यप्रदेश गान से हुई शुरुआत सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी पटेल, कलेक्टर विवेक कुमार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन हुआ। सात दशकों में प्रदेश ने तय की विकास की यात्रा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि 1 नवंबर 1956 को अस्तित्व में आए मध्यप्रदेश के 70 साल पूरे होना गौरव की बात है। इन सात दशकों में प्रदेश ने विकास और सांस्कृतिक पहचान की लंबी यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। किसान सम्मान निधि, आवास योजना, आयुष्मान भारत और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। बुरहानपुर जिले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक विरासत और केला उत्पादन जिले की ताकत हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से जिले के विकास को गति मिल रही है। विधायक बोलीं- विविधता में एकता का प्रतीक है मध्यप्रदेश नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा कि मध्यप्रदेश विविधता में एकता का प्रतीक है। यहां देश के अलग-अलग राज्यों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं। कलेक्टर विवेक कुमार ने जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह में मैक्रोविजन एकेडमी के विद्यार्थियों ने शिव तांडव प्रस्तुत किया। सावित्रीबाई फुले कन्या विद्यालय और सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने देशभक्ति और संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। देखे तस्वीरें…..