Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Video: क्रिकेट मैच के बीच स्कूटर लेकर पहुंचा बुजुर्ग, खिलाड़ी और कमेंटेटर भी नहीं रोक पाए हंसी

INT News1 November 2026 at 02:51 pm

India A vs New Zealand A: क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जो मैच से ज्यादा चर्चा में आ जाते हैं. ऐसा ही कुछ भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन देखने को मिला.

यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति अपना मोबिलिटी स्कूटर लेकर मैदान में पहुंच गया. उसके अचानक सामने आ जाने से कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा.

बल्लेबाज के सामने से निकला बुजुर्ग

यह मजेदार घटना मैच के 83वें ओवर में हुई. न्यूजीलैंड ए के गेंदबाज ब्रेट रैंडेल गेंदबाजी करने के लिए रनअप ले रहे थे. क्रीज पर आकाश दीप बल्लेबाजी कर रहे थे. तभी एक बुजुर्ग व्यक्ति मोबिलिटी स्कूटर (एक बैटरी से चलने वाला तिपहिया या चौपहिया वाहन) चलाते हुए सीधे साइट स्क्रीन के सामने से निकलने लगा.

बुजुर्ग के स्कूटर की वजह से बल्लेबाज को गेंद देखने में परेशानी हो सकती थी. ऐसे में आकाश दीप ने हाथ उठाकर गेंदबाज को रुकने का इशारा किया. रैंडेल ने भी तुरंत अपनी गेंदबाजी रोक दी.

इसके बाद बुजुर्ग ने अपना स्कूटर एक तरफ खड़ा किया और रास्ता साफ होने पर मैच दोबारा शुरू हुआ. इस पूरे घटनाक्रम को देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी, अंपायर और कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. क्रिकेट फैंस ने बुजुर्ग के अंदाज पर मजेदार कमेंट किए. किसी ने उन्हें क्रिसमस से पहले आने वाला सांता क्लॉज बताया, तो किसी ने उनकी तुलना मार्वल के सुपरविलेन अल्ट्रॉन से कर दी.

कई यूजर्स ने बुजुर्ग के बेफिक्र अंदाज की तारीफ करते हुए उन्हें 'प्रॉपर वाइब' बताया. फैंस का कहना था कि क्रिकेट में ऐसे छोटे-छोटे मजेदार पल खेल का मजा और बढ़ा देते हैं.

भारत ए ने पहली पारी में बनाए 346 रन

मैच की बात करें तो भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 102.4 ओवर में 346 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय स्कोर 160 रन पर 6 विकेट था.

इसके बाद ध्रुव जुरेल ने शानदार 105 रन की पारी खेली. देवदत्त पडिक्कल ने 80 और आकाश दीप ने 61 रन बनाकर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला.

न्यूजीलैंड ए की ओर से फ्रेजर शीट सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 63 रन देकर 4 विकेट लिए. ब्रेट रैंडेल और जारोड मैके को 2-2 विकेट मिले.

न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन की वापसी

दूसरे दिन न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 62 ओवर में 3 विकेट पर 218 रन बना लिए थे. टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती 8 ओवर में ही न्यूजीलैंड ए के 13 रन पर 3 विकेट गिरा दिए थे.

मोहम्मद सिराज ने एक और मुकेश कुमार ने 2 विकेट लेकर टीम को मुश्किल में डाल दिया था.

हालांकि, इसके बाद मैथ्यू बॉयल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 205 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को संभाल लिया. बॉयल 107 और फॉक्सक्रॉफ्ट 80 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे.