Thursday, 30 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

दहेज प्रताड़ना-धोखे से तलाक का आरोप, पति समेत 5 पर केस

INT News30 July 2026 at 05:52 am

अमृतसर| महिला थाना पुलिस ने दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने, धोखे से तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एनआरआई पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला थाना पुलिस को तरनतारन रोड स्थित धर्मपुरा निवासी मंदीप सिंह ने अपनी बहन मीनू की ओर से शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मीनू के पति हरीश घुड़ैल, ससुर जसबीर घुड़ैल, सास मनजीत घुड़ैल, अमनदीप घुड़ैल तथा चाचा ससुर निर्मल सिंह ने विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक-शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोपियों ने मारपीट की, उसे घर से निकाल दिया और झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकियां भी दीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि एनआरआई पति हरीश घुड़ैल ने धोखे से तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और बाद में एकतरफा तलाक हासिल कर लिया। आरोपी हरीश घुड़ैल और उसके परिवार के सदस्य मूल रूप से गांव बुंडाला, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर के रहने वाले हैं और वर्तमान में ब्रिटेन के बर्मिंघम में रह रहे हैं। मामले की जांच डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) अमृतसर द्वारा कराई गई। जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाने के बाद थाना महिला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।