Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर विवेक सागर आज लौटेंगे गांव:भोपाल में खेलमंत्री, डीजीपी से मिले, ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बनाया था डीएसपी

INT News7 October 2026 at 10:40 am

एशियन गेम्स 2026 में हॉकी का गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य और डीएसपी विवेक सागर बुधवार शाम नर्मदापुरम स्थित अपने गांव चांदोन लौटेंगे। गोल्ड जीतने के बाद पहली बार घर लौट रहे विवेक के स्वागत की तैयारी गांव में की गई है। परिवार और ग्रामीण उत्साहित हैं। बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। विवेक सागर फिलहाल भोपाल में हैं। उन्होंने मंगलवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग और डीजीपी कैलाश मकवाना से मुलाकात की। डीजीपी ने एशियन गेम्स में भारतीय टीम की सफलता और लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 के लिए क्वालीफाई करने पर टीम को बधाई दी। उन्होंने विवेक सागर को भी गोल्ड जीतने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नर्मदापुरम एसपी साईं कृष्णा एस थोटा मौजूद रहे। ओलंपिक कांस्य के बाद बने थे डीएसपी इटारसी के पास चांदोन के रहने वाले विवेक सागर प्रसाद ने इटारसी से हॉकी खेलना शुरू किया था। टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता था। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विवेक सागर को डीएसपी पद पर नियुक्त किया था। विवेक सागर एशियन गेम्स-2023 में गोल्ड, पेरिस ओलंपिक-2024 में कांस्य और कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे हैं। उनकी उपलब्धियों को मध्यप्रदेश पुलिस और प्रदेश के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।