समाचार · झारखंड
पारिवारिक विवाद के बाद देर रात घर से निकला था युवक, सुबह रेलवे ओवरब्रिज के पास मिला शव

कोडरमाः कोडरमा बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक का शव बरामद हुआ है जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला थाना इलाके के जयनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप का है जहां युवक का शव पटरी के किनारे पड़ा मिला. मृतक की पहचान बिहार के नवादा निवासी मुन्ना यादव (35 वर्ष), पिता- राजेंद्र यादव के रूप में हुई है. प्रथमदृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है.
ये भी पढे़ं- घर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, एक गिरफ्तार और दो बालक निरुद्ध
पारिवारिक विवाद के बाद देर रात घर से निकला था
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद मुन्ना यादव देर रात घर से निकल गया था. इसके बाद बुधवार सुबह रेलवे ओवरब्रिज के समीप उसका शव बरामद हुआ. घटना के बाद आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, मृतक का ससुराल कोडरमा थाना क्षेत्र के चंद्रोडीह में बताया जा है. ग्रामीणों के अनुसार, मुन्ना यादव अपने परिवार के साथ घटनास्थल के आसपास ही किराए के मकान में रह रहा था.
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
इधर, इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव की पहचान कराई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- पानी भरने जा रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल