Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

नहीं रहीं बिग बॉस फेम कुनिका सदानंद की मां, एक्ट्रेस का छलका दर्द -'मेरी ताकत छिन गई'

INT News7 October 2026 at 10:45 am

Actress Kunickaa Sadanand Mother Died: बॉलीवुड एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस’ फेम कुनिका सदानंद की जिंदगी में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक्ट्रेस की मां कल्याणी सदानंद का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने गोवा में आखिरी सांस ली. मां के जाने से कुनिका बुरी तरह टूट गई हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी मां की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए इमोशनल नोट लिखा और बताया कि उनकी मां ने उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की हिम्मत दी थी.

मां को याद कर इमोशनल हुईं कुनिका

कुनिका सदानंद ने इंस्टाग्राम पर मां की तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने अपनी मां के लिए प्यार और शुक्रिया से भरा लंबा नोट लिखा. एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी मां ने उन्हें सिर्फ प्यार और मार्गदर्शन ही नहीं दिया, बल्कि सपने देखने और दुनिया का सामना करने का आत्मविश्वास भी दिया.

View on Instagram

कुनिका ने अपनी मां को अपनी ‘एम्प्रेस’ बताते हुए लिखा कि उनकी खूबसूरती, व्यक्तित्व और जिंदगी की मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने की हिम्मत भी उन्हें अपनी मां से मिली. एक्ट्रेस के इस इमोशनल पोस्ट से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह अपनी मां के कितने करीब थीं.

कुनिका ने अपनी पोस्ट में मां के खुशमिजाज और मिलनसार स्वभाव को भी याद किया. उन्होंने लिखा कि उनके दोस्त और परिवार वाले कल्याणी सदानंद को एक ऐसी महिला के रूप में याद करेंगे, जिनके पास हमेशा कुछ अच्छा या मजेदार कहने के लिए होता था.

गोवा में होगा अंतिम संस्कार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्याणी सदानंद का अंतिम संस्कार गोवा में किया जाएगा. इसके बाद परिवार की बाकी रस्में मुंबई में पूरी की जाएंगी. मां के निधन की खबर सामने आने के बाद फैंस और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग कुनिका के प्रति संवेदना जाहिर कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 'छुट्टा नहीं है भाई, आगे बढ़ो...' शादीशुदा कुमार सानु संग लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के दावे पर भड़की कुनिका सदानंद, ट्रोल्स को दिया मुंहतोड़ जवाब

धर्मेंद्र की बड़ी फैन थीं कुनिका की मां

कल्याणी सदानंद से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सामने आया है. वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की बहुत बड़ी फैन थीं. कुनिका ने एक पुराने अनुभव को याद करते हुए बताया था कि एक बार जब वह धर्मेंद्र के साथ शूटिंग कर रही थीं, तब उनकी मां भी सेट पर पहुंची थीं.

कुनिका ने बताया था कि उनकी मां धर्मेंद्र से मिलने के लिए बेहद उत्साहित थीं. उन्होंने अभिनेता से पूछा कि क्या उनकी मां उनसे बात कर सकती हैं. धर्मेंद्र ने खुशी से उन्हें अपने पास बुलाया और चाय के लिए कहा. इसके बाद दोनों ने काफी देर तक बातचीत की. कुनिका ने बताया था कि वह दूर खड़ी होकर इस मुलाकात को देख रही थीं. यह पल उनकी मां के लिए बेहद खास था.

फिल्मों और टीवी में काम कर चुकी हैं कुनिका

कुनिका सदानंद ने लंबे समय तक बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में काम किया है. वह ‘खलनायक’, ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘फैशन’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’ और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं.

View on Instagram

इसके अलावा उन्होंने ‘कहानी घर घर की’, ‘कुसुम’, ‘कुमकुम’ और ‘बिदाई’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में भी काम किया है. वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में भी नजर आई थीं.

ये भी पढ़ें: Raksha Bandhan Giva Ad: 'तेरा कुत्ता टॉमी...?' Kriti के ऐड पर भड़कने वाली कंगना का पुराना वीडियो वायरल, Kunicka Sadanand ने घेरा