Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

क्या मंडी खाली कराने के लिए लगाई गई आग? झांसी के सीपरी बाजार में 40 दुकानें जलकर राख, भू-माफिया पर शक

INT News7 October 2026 at 10:44 am

Jhansi Market Fire: सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में बुधवार तड़के अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. दुकानदारों का आरोप है कि एक अज्ञात युवक पेट्रोल लेकर मंडी पहुंचा और कई दुकानों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 40 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं. हादसे में दुकानों में रखा सब्जी समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया. दुकानदारों ने करीब 45 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है.

CCTV में दिखाई दिया संदिग्ध युवक

दुकानदारों के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब पांच बजे की है. मंडी के गेट पर लगे CCTV कैमरे में एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया है. आरोप है कि युवक अपने साथ पेट्रोल लेकर आया था और उसने दुकानों में पेट्रोल डालने के बाद आग लगा दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. कुछ ही समय में आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

40 दुकानों में रखा सामान जलकर राख

आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. मंडी की करीब 40 दुकानें आग की चपेट में आ गईं. दुकानदारों के अनुसार कई दुकानों में बड़ी मात्रा में सब्जियां और अन्य सामान रखा हुआ था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया. घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में भारी आक्रोश है.

मंडी में हैं करीब 123 दुकानें, मल्टी कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव भी बना था वजह

सब्जी मंडी में करीब 123 दुकानें संचालित हैं. दुकानदारों के अनुसार लगभग तीन महीने पहले नगर निगम की ओर से मौजूदा दुकानों को हटाकर यहां मल्टी कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव पास किया गया था. इसके बाद दुकानदारों और नगर निगम के बीच दुकानें हटाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी रही. विरोध के चलते फिलहाल कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी थी.

दुकानदारों ने भू-माफिया पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद दुकानदारों ने मंडी की जमीन पर भू-माफिया की नजर होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जमीन पर कब्जे की कोशिशों के चलते पहले भी उन्हें परेशान किया जाता रहा है. दुकानदारों ने आशंका जताई कि मंडी खाली कराने के उद्देश्य से आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया

आग की सूचना मिलने के बाद सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकानदारों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही CCTV फुटेज को जांच के दायरे में लिया है. फुटेज में नजर आ रहे संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकानदारों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आगजनी के पीछे की वजह का खुलासा करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.

-पवन तोमर की रिपोर्ट

Must Read- अलीगढ़ में तीन तलाक के बाद जबरन होता रहा हलाला, 15 दिन कमरे में बंधक बनाकर रखने का दावा, ताला तोड़कर पुलिस ने महिला को छुड़ाया