Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

दर्शन के बाद अचानक गायब हुआ 18 साल का बेटा, महीनों बाद प्रेमानंद आश्रम पहुंचा गोपालगंज का परिवार

INT News7 October 2026 at 10:56 am

Premanand Maharaj Ashram : संत प्रेमानंद महाराज के श्रीराधा केलिकुंज आश्रम में लापता युवकों की तलाश को लेकर परिजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. अलग-अलग राज्यों से परिवार अपने बच्चों की जानकारी जुटाने के लिए वृंदावन पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में बिहार के गोपालगंज से एक परिवार अपने 18 वर्षीय बेटे अभिनंदन यादव की तलाश में आश्रम पहुंचा. बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर कई युवा आश्रम से जुड़े थे. इसी बीच कुछ युवकों के लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके परिवार उनकी तलाश में यहां पहुंच रहे हैं. इससे पहले हाथरस, कासगंज और मेरठ से भी परिजन अपने बच्चों को खोजने वृंदावन आ चुके हैं.

मेरठ के परिवार ने आश्रम के बाहर किया प्रदर्शन

सोमवार को मेरठ के परतापुर निवासी नेत्रपाल अपने 20 वर्षीय बेटे प्रिंस की तलाश में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे थे. उन्होंने बेटे की तस्वीर दिखाते हुए आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया था. मंगलवार को नेत्रपाल का परिवार एक बार फिर आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गया. मौके पर हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिवार को समझाया और उन्हें रमणरेती पुलिस चौकी ले गई. पुलिस ने जल्द ही प्रिंस की तलाश कराने का भरोसा दिया.

बिहार से वृंदावन आया था परिवार, दर्शन के बाद गायब हुआ बेटा

गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी विनोद यादव भी अपने परिवार के साथ 18 वर्षीय बेटे अभिनंदन यादव की तलाश में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे. विनोद यादव के मुताबिक, वह 25 जुलाई को परिवार के साथ वृंदावन घूमने और संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आए थे. दर्शन के बाद उनका बेटा अचानक लापता हो गया. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन अभिनंदन का कोई सुराग नहीं मिल सका. परिजनों ने मामले में पहले ही गुमशुदगी दर्ज करा रखी है. मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने अभिनंदन यादव की गुमशुदगी का पोस्टर जारी कर उसकी तलाश शुरू कर दी.

साध्वी इंदुलेखा ने अभद्रता और धमकी का लगाया आरोप

इसी बीच साध्वी इंदुलेखा ने भी पुलिस को तहरीर देकर अभद्रता किए जाने की शिकायत की है. साध्वी के अनुसार, 3 अक्टूबर को वह श्रीराधा केलिकुंज में मीडिया से बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता की. इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने की बात कही गई है. साध्वी ने आरोप लगाया कि घटना से उन्हें मानसिक रूप से परेशानी हुई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी है. इसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से शिकायत की. साध्वी इंदुलेखा ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.

पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read : Vande Bharat Special: छठ-दिवाली से पहले दिल्ली-UP रूट पर वंदे भारत का प्रस्ताव, जानें कब से चलेगी और किन स्टेशनों पर रुकेगी