Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पाकिस्तान से जुड़े तार! पूर्णिया में IB और NIA की बड़ी स्ट्राइक, संदिग्ध कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा छात्र गिरफ्तार

INT News11 November 2026 at 11:31 pm

पूर्णिया. पूर्णिया में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर (23) के रूप में हुई है. वह पूर्णिया कॉलेज का छात्र बताया जाता है. खुफिया एजेंसियों को उसके कथित तौर पर एक संदिग्ध कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े होने का इनपुट मिला था. छापेमारी के दौरान उसके घर से मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं.

संदिग्ध समूह के संपर्क में रहने का इनपुट

सूत्रों के अनुसार, आईबी की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शाहिद अख्तर के घर पर छापेमारी की. प्रारंभिक जांच में वर्ष 2025 से उसके एक संदिग्ध समूह के संपर्क में रहने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद लोगों तक जुड़े हो सकते हैं.

जांच एजेंसियों को आशंका है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से संवेदनशील सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा था. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

एनआईए और एसटीएफ की टीमें भी जांच में जुटीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं. केंद्रीय एजेंसियां संयुक्त रूप से संदिग्ध के संपर्कों, डिजिटल गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं. जब्त मोबाइल और लैपटॉप की जांच के जरिए कथित नेटवर्क की गतिविधियों और अन्य संपर्कों का पता लगाया जा रहा है.

इस दौरान पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मामले की जानकारी ली और गिरफ्तार युवक से पूछताछ की. सूत्रों के मुताबिक, उससे पिछले 24 घंटे से अधिक समय से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की जा रही थी.

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश

जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शाहिद अख्तर की भूमिका क्या थी. इलाके के अन्य लोगों के भी उससे जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. मधुबनी थानाध्यक्ष सुदिन राम ने बताया कि संदिग्ध शाहिद अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उसके पास से एक मोबाइल और लैपटॉप जब्त किया गया है. उन्होंने बताया कि शाहिद पूर्णिया का निवासी है और पढ़ाई करता था. वह व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर चैटिंग करता था. जब्त मोबाइल और लैपटॉप की बारीकी से जांच की जा रही है. फिलहाल मामले में जांच जारी है और एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं.